असम विधानसभा चुनाव के ठीक पहले सियासी घमासान तेज हो गया है. जोरहाट में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर लगाए गए पासपोर्ट और विदेशी संपत्ति के आरोपों पर हिमंत का पारा चढ़ा हुआ दिखा. उन्होंने साफ कहा कि आरोप लगाने से पहले सबूतों की जांच करनी चाहिए और विदेश मंत्रालय से पूछताछ करनी चाहिए. समझते हैं पूरी बात
पवन खेड़ा पर भड़के हिमंत, बोले – पहले विदेश मंत्री से तो पूछते
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि कोई भी गंभीर आरोप लगाने से पहले विदेश मंत्री से संपर्क करना चाहिए. उन्होंने पवन खेड़ा के दस्तावेजों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये सब फर्जी और गढ़े हुए लगते हैं. सरमा का तर्क था कि बिना सत्यापन के ऐसे आरोप लगाना देश के हित में नहीं है. उन्होंने जोर देकर कहा कि असम सरकार और पुलिस इस मामले की पूरी जांच करेगी.
खरगे की उम्र का तंज, बोले – अब पागलों जैसी बातें करते हैं!
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि खरगे जी की उम्र काफी हो चुकी है, लेकिन वे अब भी पागलों जैसी बातें करते रहते हैं. यह टिप्पणी कांग्रेस के हालिया आरोपों के जवाब में आई है. सरमा ने कहा कि कांग्रेस अब हताशा में ऐसे बयान दे रही है क्योंकि चुनाव में उनकी स्थिति कमजोर है.
असम पुलिस का दम, पाताल से भी खींच लाएगी!
हिमंत सरमा ने असम पुलिस की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस अगर चाहे तो पाताल से भी लोगों को ढूंढकर ला सकती है. उन्होंने संकेत दिया कि पवन खेड़ा जैसे लोगों को जवाबदेह बनाया जाएगा. सरमा ने कहा कि पुलिस पहले ही मामले में एक्शन ले रही है और जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
राहुल गांधी पर शक, बोले – इन्हीं ने दिए दस्तावेज
सरमा ने अपना सबसे बड़ा आरोप राहुल गांधी पर लगाया. उन्होंने कहा कि मुझे पूरा शक है कि ये दस्तावेज राहुल गांधी ने ही पवन खेड़ा को दिए हैं. इसलिए इस मामले की आंच सीधे राहुल गांधी तक भी पहुंचेगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के फर्जी दस्तावेजों से चुनाव प्रभावित करने की कोशिश कर रही है.
डराने की कोशिश मत करो, यह असम है
हिमंत बिस्वा सरमा ने साफ चेतावनी दी कि हमें डराने की कोशिश मत करो. यह असम है, यहां की जनता और पुलिस दोनों मजबूत हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह रणनीति काम नहीं करेगी. असम के लोग ऐसे आरोपों से प्रभावित नहीं होते.
17 बार इस्लामी आक्रमणों के खिलाफ लड़ाई का गर्व
सरमा ने असम के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि हमने 17 बार इस्लामी आक्रमणों के खिलाफ लड़ाई लड़ी है. यह बयान कांग्रेस के आरोपों को ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए दिया गया. उन्होंने कहा कि असम की भूमि हमेशा से ही बाहरी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़ी रही है.
पासपोर्ट विवाद का पूरा मामला क्या है?
दरअसल, पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया था कि हिमंत की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा के पास तीन देशों के पासपोर्ट हैं, जिसमें दो मुस्लिम देश शामिल हैं. साथ ही उन्होंने दुबई की संपत्ति और अमेरिका में निवेश का भी आरोप लगाया. हिमंत और उनकी पत्नी ने इन आरोपों को पूरी तरह फर्जी बताया है. पत्नी ने असम पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई है.
पाकिस्तानी लिंक का आरोप, कांग्रेस पर नया हमला!
हिमंत सरमा ने आगे कहा कि पवन खेड़ा और गौरव गोगोई की प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरा मटेरियल पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप से आया है. उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पाकिस्तानी चैनलों पर असम चुनाव को लेकर कई शो हुए, जिनमें कांग्रेस की जीत की बात की गई. यह आरोप विवाद को नई दिशा दे रहा है.
कानूनी कार्रवाई की तैयारी, पवन खेड़ा पर मुकदमा!
सरमा ने साफ कहा कि पवन खेड़ा के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा. असम पुलिस पहले ही मामले में सक्रिय है और दिल्ली में खेड़ा के घर भी टीम पहुंची है. सरमा ने भविष्यवाणी की कि पवन खेड़ा का जीवन असम जेल में खत्म हो सकता है.

