India
oi-Smita Mugdha
Tamil Nadu Election: अभिनेता से नेता बने विजय ने तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा दांव खेलते हुए घोषणा की है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। उन्होंने साफ कर दिया कि न तो चुनाव से पहले और न ही चुनाव के बाद उनकी पार्टी इंडिया (INDIA) ब्लॉक या भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ( NDA) के साथ किसी तरह का गठबंधन करेगी। उन्होंने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का भी दावा किया।
एक इंटरव्यू में विजय ने भरोसा जताया कि TVK अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है और उनकी पार्टी को ‘सीटी’ चुनाव चिह्न पर व्यापक समर्थन मिलेगा। विजय ने दावा किया, ‘मैं निश्चित रूप से जीतूंगा, लोगों का मूड बदलाव का है।’

Tamil Nadu Election: विजय का दावा, ‘जनता टीवीके के साथ है’
विजय ने यह भी आशंका जताई कि उनके राजनीतिक विरोधी मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए पैसे बांट सकते हैं, लेकिन उन्होंने विश्वास जताया कि मतदाता जागरूक हैं और टीवीके (TVK) का समर्थन करेंगे। उन्होंने बताया कि राजनीति में आने का फैसला उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान लिया था, जब उन्हें लगा कि यह बदलाव के लिए सही समय है। पिछले वर्ष उन्होंने आधिकारिक तौर पर TVK की शुरुआत की थी और पार्टी को तमिलनाडु के पारंपरिक द्विध्रुवीय राजनीतिक माहौल में एक नए विकल्प के रूप में पेश किया।
Vijay ने राज्य सरकार पर बोला हमला
इससे पहले विजय ने सलेम में आयोजित एक चुनावी रैली में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सभाओं को अनुमति देने में प्रशासन अड़चनें पैदा कर रहा है, जबकि अन्य दलों को छूट दी जा रही है। सलेम रैली को पुलिस ने सख्त शर्तों के साथ मंजूरी दी थी।
करूर में हुई भगदड़ की घटना के बाद प्रशासन ने रैली में केवल 4,998 लोगों को शामिल होने की अनुमति दी और QR कोड आधारित एंट्री पास अनिवार्य किए। गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई। विजय का यह ऐलान तमिलनाडु की सियासत में नई हलचल पैदा कर सकता है, जहां अब तक मुख्य मुकाबला दो बड़े गठबंधनों के बीच रहा है।

