Last Updated:
Biggest Music Deal : म्यूजिक की दुनिया में सबसे बड़ी डील होने जा रही है. पॉप गायिका टेलर स्विफ्ट से जुड़ी म्यूजिक कंपनी को खरीदने के लिए दिग्गज निवेशक ऑकमैन ने करीब 6 लाख करोड़ रुपये का ऑफर दिया है. ऑकमैन पिछले 5 साल से इस कंपनी को खरीदने की तैयारी में हैं और अब उन्होंने कंपनी के मौजूदा शेयर प्राइस से 78 फीसदी ज्यादा कीमत ऑफर की है.

यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप को अरबपति ऑकमैन खरीदना चाहते हैं.
नई दिल्ली. म्यूजिक की दुनिया कितनी महंगी और लग्जरी है, इसका अंदाजा आपको इस खबर से लग जाएगा. अरबपति निवेशक बिल ऑकमैन की कंपनी पर्सिंग स्क्वायर ने यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप को खरीदने के लिए 64.31 अरब डॉलर यानी करीब 5.98 लाख करोड़ रुपये का ऑफर दिया है. एक नजर में तो आपको यह रकम काफी बड़ी लगती होगी, लेकिन जब आप इस म्यूजिक कंपनी से जुड़े नाम जानेंगे तो रकम अपने आप छोटी लगने लगेगी. दरअसल, यह कंपनी पॉप गायिका टेलर स्विफ्ट, बिलि एलिस और केंड्रिक लमार (Taylor Swift, Billie Eilish and Kendrick Lamar) जैसे बड़े सितारों से जुड़ी है.
बिल ऑकमैन की ओर से पिछले 5 साल में यह सबसे बड़ा मौका और दांव है. उनकी कंपनी पर्सिंग स्क्वायर ने कैश और शेयर का ऑफर दिया है. बिल की ओर से यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप को खरीदने के लिए 30.40 यूरो यानी करीब 35 डॉलर प्रति शेयर का भाव ऑफर किया गया है. यह ऑफर काफी बड़ा माना जा रहा है, क्योंकि कंपनी के मौजूदा शेयर भाव से 78 फीसदी प्रीमियम का रेट पेश किया जा रहा है. यूनिवर्सल का पिछला क्लोजिंग भाव 20 डॉलर प्रति शेयर रहा था और ऑफर किए गए 35 डॉलर के हिसाब से 55.75 यूरो यानी करीब 64.31 अरब डॉलर की पेशकश हुई है.
न्यूयॉर्क में लिस्ट होने जा रही कंपनी
अंतरराष्ट्रीय सितारों से सजी यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप (UMG) कंपनी खुद को न्यूयॉर्क में लिस्ट कराने की तैयारी कर रही है, जो फिलहाल नीदरलैंड की राजधानी एम्सटरडैम में लिस्ट है. कंपनी यह बदलाव निवेशकों की तलाश के लिए कर रही है, जिसमें इंडेक्स फंड भी शामिल हैं. कंपनी का मकसद ज्यादा कमाई और वैल्यूएशन बढ़ाना है. इंडस्ट्री के विश्लेषकों का कहना है कि दुनिया के सबसे कीमती निवेशकों में शामिल ऑकमैन खुद को एक स्थापित निवेशक के रूप में पेश करना चाहते हैं. भले ही म्यूजिक इंडस्ट्री तेजी से बढ़ रही है, लेकिन UMG के शेयर में गिरावट दिख रही है. शायद यही कारण है कि ऑकमैन एक आकर्षक ऑफर के जरिये इस कंपनी को खरीदना चाहते हैं.
UMG को भेजा धमकी वाला लेटर!
ऑकमैन ने UMG के बोर्ड को एक लेटर भी लिखा है. इसमें कंपनी की तारीफ के साथ कुछ चेतावनी भरा लहजा भी शामिल है. इस पत्र में उन्होंने कंपनी के मौजूदा चेयरमैन और सीईओ लुसियन ग्रेंज की तारीफ करने के साथ कंपनी की कम उपयोग की गई बैलेंस शीट और स्पॉटिफाई टेक्नोलॉजी में 2.7 अरब यूरो (3.1 अरब डॉलर) के निवेश को लेकर आलोचना भी की है. इससे साफ पता चलता है कि ऑकमैन इस कंपनी को खरीदने के लिए टेढ़ी अंगुली से भी घी निकाल सकते हैं.
एआई से हो रहा कंपनी को घाटा
म्यूजिक इंडस्ट्री में एआई के बढ़ते प्रभाव को लेकर डर ने भी UMG के कमजोर प्रदर्शन में भूमिका निभाई है. वेल्स फार्गो के विश्लेषकों के मुताबिक, कंपनी का म्यूजिक मार्केट में हिस्सा घट रहा है और स्ट्रीमिंग ग्रोथ भी धीमी हो रही है. मार्च में UMG ने अमेरिका में लिस्टिंग की अपनी योजना टाल दी थी. इसके बावजूद ऑकमैन को किसी भी डील को आगे बढ़ाने के लिए UMG के बड़े शेयरधारकों जिसमें बोलोरे ग्रुप (18.5 फीसदी हिस्सेदारी) और विवेंडी (13.4 फीसदी हिस्सेदारी) का समर्थन चाहिए होगा. चीन की टेनसेंट भी एक अहम शेयरधारक है. फ्रांसीसी अरबपति विंसेंट बोलोरे का परिवार UMG के 80 फीसदी वोटिंग राइट्स को कंट्रोल करता है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें

