यमुनानगर. यमुनानगर में एक बार फिर से अवारा सांडों के आतंक से एक व्यक्ति की जान चली गई. यह व्यक्ति घर से निकला तो था दूध लेने के लिए, लेकिन उसे यह नहीं मालूम था कि घर से बाहर निकलते ही यमराज के रूप में खड़े सांड उसकी जान ले लेंगे. सांड ने 67 साल के कुलदीप सिंह को पटक-पटककर मार डाला. इसके बाद निगम की नींद खुली और उन्होंने इस अवारा सांड को पकड़ कर गौशाला में छोड़ दिया, लेकिन अब भी शहर की सड़कों पर आवारा सांड जगह-जगह दिखाई दे रहे हैं.
दरअसल, यमुनानगर की शिवपुरी कॉलोनी निवासी कुलदीप सिंह बुधवार सुबह घर से दूध लेने के लिए निकले थे. जैसे ही वह घर से कुछ दूरी पर गए तो सांड ने उन पर हमला कर दिया. मामला सुबह-सुबह का था तो ऐसे में इक्का-दुक्का लोगों ने ही शोर मचाया. शोर के चलते सांड पीछा हटा, लेकिन तब तक कुलदीप सिंह के प्राण निकल चुके थे. सूचना मिलते ही कुलदीप सिंह के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर पहुंचे. यहां डॉक्टर ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया.
कुलदीप सिंह की मौत के बाद नगर निगम अधिकारी नींद से जागे और सांड को गौशाला भेजा. लेकिन यमुनानगर की हर सड़क पर न जाने कितने सांड खुले घूम रहे हैं. जो आए दिन किसी न किसी पर हमला जरूर करते हैं और उसे चोटिल भी कर देते हैं. मृतक का पड़ोसी हनी शर्मा ने बताया कि कुलदीप सिंह दूध लेने के लिए जा रहे थे और इस दौरान सांड ने उन पर हमला कर दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई. वहीं, थाना गांधीनगर के पुलिस कर्मी महरूफ अली ने बताया कि पुलिस ने शुव को कब्जे में ले लिया है और जांच कर रही है.
FIRST PUBLISHED : October 31, 2024, 06:24 IST

