Last Updated:
प्रियंका चतुर्वेदी की शिकायत के बाद भारत सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को नोटिस जारी किया है. आईटी मंत्रालय ने Grok AI टूल के जरिए महिलाओं और बच्चों के अश्लील कंटेंट पर गहरी नाराजगी जताई है. सरकार ने X को 72 घंटे के भीतर सख्त कार्रवाई कर रिपोर्ट सौंपने का अल्टीमेटम दिया है. आदेश न मानने पर कंपनी के खिलाफ आईटी एक्ट और आपराधिक कानूनों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
भारत सरकार ने सख्त रुख अख्तियार किया. नई दिल्ली. डिजिटल दुनिया के अंधेरे गलियारों में जब किसी महिला की गरिमा को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए तार-तार करने की कोशिश की जाती है, तो वह केवल एक तकनीकी अपराध नहीं बल्कि मानवीय मर्यादा पर सबसे बड़ा हमला होता है. शिवसेना यूबीटी की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी की एक साहसी शिकायत के बाद आज केंद्र सरकार ने सोशल मीडिया के दिग्गज प्लेटफॉर्म X के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. ‘Grok AI’ टूल से महिलाओं और बच्चों की अश्लील और अपमानजनक तस्वीरें बनाकर इंटरनेट पर डालने के मामले में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एलन मस्क की कंपनी एक्स को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है. कंपनी को एक्शन टेकन रिपोर्ट लाने के लिए 72 घंटे का वक्त दिया गया है. टेक कंपनियों के लिए चेतावनी दी गई है कि महिलाओं की गरिमा से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
क्या है पूरा विवाद?
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने X प्लेटफॉर्म को एक औपचारिक नोटिस जारी किया है. सरकार ने IT एक्ट और IT नियमों के तहत वैधानिक उचित सावधानी में गंभीर खामियों को उजागर किया है. यह कार्रवाई प्रियंका द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद हुई है, जिसमें X के AI टूल ‘Grok’ के जरिए आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाया गया था. सरकार ने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि Grok का इस्तेमाल महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाने, उनकी अश्लील और अपमानजनक सामग्री बनाने के लिए किया जा रहा है. इसे निजता और डिजिटल सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन माना गया है.
प्रियंका ने IT मंत्री को कहा शुक्रिया
केंद्र के कड़े रुख पर प्रियंका चतुर्वेदी ने एक्स पर लिखा, ‘मैं इस मौके पर माननीय IT मंत्री को मेरे पत्र पर तुरंत ध्यान देने और X प्लेटफॉर्म को इस संबंध में पत्र जारी करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, जिसमें AI द्वारा संचालित ग्रोक महिलाओं के बारे में ऐसी आपत्तिजनक सामग्री बना रहा है जो महिलाओं की गरिमा का अपमान करती है और उनकी सहमति का उल्लंघन करती है और उन्हें इन प्लेटफॉर्म पर चुप करा रही है.’
I would take this opportunity to thank Hon IT Minister for promptly taking note of my letter and for issuing a letter to X platform in the regard of AI led grok generating problematic content of women based on prompts that disrespect woman’s dignity and violates their consent,… https://t.co/pTGXWaBm0K

