Agency:एजेंसियां
Last Updated:
लखनऊ में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर संसद का विशेष सत्र बुलाकर खुली बहस करने की चुनौती दी. उन्होंने दावा किया कि यूपी में भाजपा की सरकार ‘अंगद का पैर’ है, जिसे कोई हिला नहीं सकता. साथ ही शाह ने बड़ा ऐलान किया कि 2027 में तीसरी बार सरकार बनते ही यूपी में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात बिछाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने लखनऊ से चुनावी शंखनाद कर दिया है. लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव को वोट चोरी के आरोपों पर संसद में खुली बहस की चुनौती दी. शाह ने कहा कि चुनावी हार के बाद विपक्ष अंपायर यानी चुनाव आयोग पर ठीकरा फोड़ रहा है. अगर उनमें हिम्मत है तो संसद का विशेष सत्र बुलाएं, भाजपा हर सवाल का आमने-सामने जवाब देने को तैयार है.
‘मैच हारने के बाद अंपायर पर चीटिंग का आरोप लगाते हैं राहुल-अखिलेश’
अमित शाह ने क्रिकेट का उदाहरण देते हुए विपक्ष की कार्यशैली पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर जब कोई टीम मैच हारती है, तो वह बैठकर आत्ममंथन करती है और ज्यादा प्रैक्टिस करती है, लेकिन राहुल गांधी और अखिलेश यादव अलग मिट्टी के बने हैं. वे हारने के बाद अंपायर पर ही बेईमानी का आरोप मढ़ने लगते हैं. शाह ने कहा कि राहुल बाबा वोट चोरी का रोना रोते हैं, लेकिन जब संसद में चर्चा की बात आती है तो सिर्फ हंगामा करते हैं और सदन चलने नहीं देते. शाह ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लिखकर रख लें, उत्तर प्रदेश में अगले 30 साल तक सपा की सरकार नहीं बनने वाली.
‘अंगद का पैर है भाजपा की सरकार, 2027 में लागू करेंगे UCC’
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार ‘अंगद का पैर’ बन चुकी है, जिसे विपक्ष किसी भी कीमत पर हिला नहीं सकता. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी गिले-शिकवे गोमती नदी में बहाकर 2027 के चुनाव को अपना चुनाव मानकर जुटने का आह्वान किया. इस दौरान अमित शाह ने बड़ा चुनावी संकल्प दोहराते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनते ही राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी. उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करती है- चाहे वह जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना हो या भव्य राम मंदिर का निर्माण.
योगी सरकार की तारीफ
अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही सरकार की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि सपा-बसपा के पूरे कार्यकाल के काम को मिला दिया जाए, तब भी योगी सरकार का एक कार्यकाल उन पर भारी पड़ेगा. प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुधरने से 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये जमीन पर उतर चुके हैं. भाजपा शासन में दंगों में 70 प्रतिशत की कमी आई है और माफिया तंत्र को जड़ से उखाड़ फेंका गया है. 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों पर चली गोली का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाले आज किस मुंह से सरकार बनाने का दावा करते हैं, जनता इसे कभी नहीं भूलेगी.
About the Author
दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…

