Last Updated:
Saif Ali Khan Attack: बांद्रा इलाके में सतगुरु शरण इमारत की 12वीं मंजिल पर स्थित सैफ अली खान के घर में गुरुवार रात करीब ढाई बजे हुई इस घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया.
लीलावती अस्पताल में सैफ अली खान की सफल सर्जरी की गई है. (फाइल फोटो)
मुंबई. सैफ अली खान पर हमले को लेकर मुंबई पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस से पूछताछ में सैफ अली खान के बच्चे की केयर टेकर ने अपने बयान में बताया कि जब रात में आरोपी उनके घर में आ चुका था, तब केयर टेकर उसके हाथ में चाकू देख कर डर गई. इसके बाद उसने हमलावर से पूछा, आपको क्या चाहिए? इसके जवाब में आरोपी ने बोला, ‘वन करोड़’, जिसके बाद दोनों में झड़प शुरू हो गई. इस दौरान आरोपी ने मेड को चुप रहने के लिए भी कहा, लेकिन उसने हिम्मत दिखाई और चोर से भिड़ गई.
मुंबई पुलिस ने बताया कि सैफ अली खान के घर में काम करने वाले हर व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है, ताकि कोई सुराग मिल सके. अभिनेता पर गुरुवार तड़के घर में घुसे चोर ने धारदार हथियार से हमला किया. घायल सैफ को उपचार के लिए लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई है.
अभिनेता के स्वास्थ्य को लेकर उनकी टीम की तरफ से बयान जारी कर कहा गया कि अभिनेता अब खतरे से बाहर हैं. फिलहाल, वह अस्पताल में हैं और डॉक्टरों की एक टीम उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं. बयान में आगे कहा गया कि अभिनेता की सर्जरी सफल हो चुकी है. वह अब बिल्कुल ठीक हैं. उन्हें किसी भी प्रकार का खतरा नहीं है.
अभिनेता की टीम ने उन डॉक्टरों का भी शुक्रिया किया, जिन्होंने इस सर्जरी को अंजाम दिया. सैफ अली खान की सर्जरी करने वालों में डॉ. नीरज उत्तमानी, डॉ. नितिन डांगे, और डॉ. लीना जैन शामिल हैं. इसके साथ ही टीम ने उन सभी फैंस का भी शुक्रिया अदा किया जो अभिनेता के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.
मुंबई ज्वाइंट सीपी लॉ एंड ऑर्डर ने कहा कि बांद्रा पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. बॉलीवुड एक्टर का घर मुंबई स्थित बांद्रा के पॉश इलाके में है. उनके घर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी हैं. ऐसे में उनके घर में चोर का घुसना काफी हैरान करने वाला है.
Mumbai,Maharashtra
January 16, 2025, 19:15 IST

