Last Updated:
PM Modi Waqf Bill: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वक्फ कानून को सामाजिक न्याय की दिशा में बड़ा कदम बताया और कहा कि वक्फ संशोधन बिल 2025 के पहले 100 दिनों में पास करना बड़ी उपलब्धि है.
राइजिंग भारत समिट में पीएम मोदी ने कई मुद्दों पर बात की.
हाइलाइट्स
- पीएम मोदी ने वक्फ कानून को सामाजिक न्याय की दिशा में बड़ा कदम बताया.
- वक्फ संशोधन बिल 2025 के पहले 100 दिनों में पास हुआ.
- तुष्टिकरण की राजनीति पर पीएम मोदी ने बोला हमला.
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वक्फ कानून को सामाजिक न्याय की दिशा में बड़ा कदम करार दिया. उन्होंने कहा कि वक्फ संशोधन बिल को 2025 के पहले 100 दिनों में पास कर दिया गया, जो बड़ी उपलब्धि है. पीएम मोदी ने वक्फ कानून को पास करने के लिए संसद का धन्यवाद देते हुए कहा कि नए वक्फ कानून से गरीब मुसलमानों के हक की रक्षा होगी. सीएनएन-न्यूज18 के कार्यक्रम ‘राइजिंग भारत समिट’ में पीएम मोदी ने संसद में वक्फ बिल को लेकर हुई बहस का भी जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि ‘वक्फ पर बहस की जड़ में तुष्टिकरण की राजनीति’ है. पीएम मोदी ने कहा, “तुष्टिकरण की राजनीति नई नहीं है. इस तुष्टिकरण के बीज स्वतंत्रता के समय बोए गए थे… दो-राष्ट्र सिद्धांत आम मुसलमान का निर्णय नहीं था. कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति से सत्ता हासिल की, लेकिन सवाल यह है कि मुसलमानों को इससे क्या मिला. 2013 के संशोधन भूमि माफिया को खुश करने के लिए थे. नया वक्फ कानून सभी के लिए, खासकर हाशिए पर रहने वालों के लिए, गरिमा सुनिश्चित करेगा.”
‘कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति को बनाया हथियार’
पीएम मोदी ने इस दौरान कांग्रेस पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा, “तुष्टिकरण की राजनीति में कांग्रेस को सत्ता मिली, कुछ कट्टरपंथी नेताओं को दौलत मिली, लेकिन सवाल ये है कि आम मुसलमान को क्या मिला? गरीब पसमांदा मुसलमान को क्या मिला… उसे मिली उपेक्षा, अशिक्षा, बेरोजगारी. जबकि मुस्लिम महिलाओं को मिला शाहबानो जैसा अन्याय. मैं देश की संसद को, सर्वसमाज के हित में, मुस्लिम समाज के हित में एक शानदार कानून बनाने के लिए बधाई देता हूं. अब वक्फ की पवित्र भावना की भी रक्षा होगी और गरीब-पसमांदा मुसलमान, महिला-बच्चे, सबके हक भी महफूज़ रहेंगे.”
100 दिनों के कामकाज का जिक्र
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत सरकार के 100 दिनों के कामकाज से की. उन्होंने कहा, “पिछले 100 दिनों में सेना के लिए मेड इन इंडिया लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर खरीदी को हरी झंडी मिली और वक्फ कानून में संशोधन का बिल पास हुआ. यानि, सामाजिक न्याय के लिए और बड़ा ठोस कदम लिया गया. ये 100 दिन 100 फैसलों से भी बढ़कर है। ये 100 संकल्पों के सिद्धि का है. परफॉर्मेंस का यही मंत्र… राइजिंग भारत के पीछे की असली एनर्जी है.”

