India
oi-Puja Yadav
Parliament Today Budget Session 2026: संसद के बजट सत्र का आज 11वां दिन है और एक बार फिर सदन में तीखी राजनीतिक हलचल और विपक्ष के हंगामे के आसार बने हुए हैं। बीते कई दिनों से जारी गतिरोध के बीच आज भी लोकसभा और राज्यसभा में कार्यवाही सुचारू रूप से चल पाना चुनौती बना हुआ है।
विपक्ष सरकार और सदन की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है, जबकि सत्ता पक्ष विपक्ष पर संसद की गरिमा भंग करने का आरोप लगा रहा है। जानिए आज लोकसभा और राज्यसभा में किन मुद्दों पर चर्चा होगी, क्या रहेगा खास…

11 बजे से शुरू होगी लोकसभा की कार्यवाही
लोकसभा की कार्यवाही 11बजे से शुरु होगी। विपक्ष के जबरदस्त हंगामे के बीच आज दोपहर करीब 2 बजे से बजट पर चर्चा की उम्मीद है। बीते मंगलवार को कांग्रेस सांसद और तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य शशि थरूर ने किसानों से जुड़े मुद्दों को जोर-शोर से उठाया।
उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना के तहत किसानों को दी जाने वाली 2,000 रुपये की किस्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में यह राशि नाकाफी है और सरकार को इसे बढ़ाने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास नोटिस
आज सदन में अविश्वास नोटिस पर भी चर्चा की उम्मीद है। 10 फरवरी को लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस जारी किया गया था। कांग्रेस सांसद के. सुरेश, गौरव गोगोई और मोहम्मद जावेद लोकसभा महासचिव के कक्ष में नोटिस की कॉपी सौंपने पहुंचे। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, इस नोटिस पर कुल 118 लोकसभा सांसदों के हस्ताक्षर हैं।
इस प्रस्ताव में कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी, वाम दल, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) समेत कई विपक्षी दल शामिल हैं। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इस नोटिस से दूरी बनाए रखी है, जिससे विपक्षी एकजुटता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
विपक्ष का आरोप, सत्ता पक्ष का पलटवार
विपक्ष का कहना है कि लोकसभा में उनकी बातों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, नेताओं को बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा और सदन निष्पक्ष तरीके से नहीं चलाया जा रहा। वहीं, सत्ता पक्ष का आरोप है कि विपक्ष जानबूझकर हंगामा कर संसद की कार्यवाही बाधित कर रहा है और जरूरी विधायी कामकाज रोक रहा है।
आज क्या होगा खास?
11वें दिन की कार्यवाही पर सभी की नजरें टिकी हैं। बजट पर चर्चा, किसानों और रोजगार से जुड़े मुद्दे, और लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर आगे की प्रक्रिया-ये सभी ऐसे विषय हैं, जिन पर आज भी सदन में तीखी बहस और हंगामे की संभावना जताई जा रही है। बजट सत्र के 11वें दिन भी संसद में सियासी टकराव का माहौल बना हुआ है और यह देखना अहम होगा कि क्या आज कोई ठोस चर्चा हो पाती है या हंगामे की भेंट चढ़ जाती है।

