गुप्त सूचना पर कार्रवाई
दरअसल, मोतीपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि नेपाल से गांजे की खेप मोतीपुर आने वाली है। सीनियर अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने पनसलवा चौक के पास एक होटल के सामने खड़े ट्रक की तलाशी ली। ट्रक के आगे ‘इंडियन’ लिखा था। तलाशी में ट्रक के केबिन से 35 पैकेट गांजा मिला। इस गांजे का वजन 350 किलो और कीमत करीब 70-80 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया।
नेपाल से ला रहा था गांजा
गिरफ्तार ड्राइवर ने बताया कि वह गांजा नेपाल से लाया था। उसने बताया कि उसे ट्रक पर आसपास से धान लादना था। धान की आड़ में गांजे की खेप को बाहर भेजना था। लेकिन पुलिस ने उसे पहले ही पकड़ लिया। पुलिस ने ड्राइवर का मोबाइल जब्त कर लिया है। पुलिस मोबाइल के जरिए गांजा तस्करी के कारोबारियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
मुजफ्फरपुर पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है। वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर उन्हें किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।

