Last Updated:
Jantar Mantar Protest, officer Story:जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक महिला प्रदर्शनकारी को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस के एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा चर्चा में हैं. वीडियो सामने आने के बाद उन्हें प्रदर्शन स्थल की ड्यूटी से हटा दिया गया है जबकि मामला दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है.ऐसे में हर कोई जानना चाहता है कि आखिर संदीप लांबा कौन हैं और पूरा विवाद क्या है?
Jantar Mantar Protest, Sandeep Lamba, adcp delhi police: कौन हैं दिल्ली पुलिस के अधिकारी संदीप लांबा?
Jantar Mantar Protest, IPS Story: दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान एक महिला प्रदर्शनकारी को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसके बाद दिल्ली पुलिस के एडिशनल डीसीपी (उत्तर-पूर्व)संदीप लांबा अचानक सुर्खियों में आ गए हैं. वीडियो सामने आने के बाद उन्हें जंतर-मंतर ड्यूटी से हटा दिया गया है. मामला अब दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है जहां पुलिस से जवाब मांगा गया है. ऐसे में हर कोई जानना चाहता है कि आखिर संदीप लांबा कौन हैं और इस पूरे विवाद की वजह क्या है?
कौन हैं संदीप लांबा?
संदीप लांबा दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह पुलिस सेवा (DANIPS) के अधिकारी हैं. फिलहाल वे दिल्ली पुलिस में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ADCP) के पद पर कार्यरत हैं. घटना के समय उनकी तैनाती उत्तर-पूर्व जिला (North East District)में एडिशनल डीसीपी के रूप में थी.वे लंबे समय से दिल्ली पुलिस में विभिन्न जिम्मेदार पदों पर काम कर चुके हैं और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई संवेदनशील मामलों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
कैसे आए विवादों में?
संदीप लांबा का नाम उस समय चर्चा में आया जब 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए CJP (कॉकरेच जनता पार्टी) के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई.प्रदर्शन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया. इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें संदीप लांबा कथित तौर पर एक महिला प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारते दिखाई दिए. वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद इस घटना को लेकर सवाल उठने लगे.
वीडियो वायरल होने के बाद हटाई गई ड्यूटी
वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने संदीप लांबा को जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल की ड्यूटी से हटा दिया. कई मीडिया रिपोर्टस में बताया गया है कि उन्हें वापस उनकी मूल तैनाती पर भेज दिया गया है हालांकि दिल्ली पुलिस की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही घटना पर विस्तृत प्रतिक्रिया दी गई है.
दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला
यह मामला दिल्ली हाईकोर्ट में भी उठा. सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने अदालत के सामने वायरल वीडियो का जिक्र किया.उन्होंने अदालत से कहा कि वीडियो में एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा बिना किसी उकसावे के एक महिला को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने अदालत से अधिकारी की जवाबदेही तय करने की मांग की.इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने पुलिस से इस मामले में जवाब मांगा. अदालत ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य वीडियो रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए हैं.
20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान हुई थी झड़प
20 जुलाई को CJP द्वारा आयोजित ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी संसद की ओर बढ़ रहे थे. पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्हें रोकने की कोशिश की.इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया. हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया. बाद में पुलिस पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग करने के आरोप लगे जिनके खिलाफ हाईकोर्ट में कई याचिकाएं दाखिल की गई हैं.
RAF जवानों पर हमले का भी मामला दर्ज
इसी प्रदर्शन से जुड़ा एक और मामला भी सामने आया.दिल्ली पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात करीब 10 बजे टॉलस्टॉय मार्ग और संसद मार्ग के चौराहे पर दो रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों पर भीड़ ने हमला कर दिया.सोशल मीडिया पर वायरल 35 सेकंड के वीडियो में एक जवान सड़क पर गिर जाता है और कुछ लोग उसे लात-घूंसों से मारते दिखाई देते हैं.बाद में अन्य सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला.घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है.
संदीप लांबा पर क्या कार्रवाई हुई?
फिलहाल संदीप लांबा को केवल जंतर-मंतर ड्यूटी से हटाया गया है और उन्हें उनके मूल पद पर वापस भेजा गया है. उनके खिलाफ किसी विभागीय कार्रवाई या अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर अभी तक दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.अब सभी की नजर दिल्ली हाईकोर्ट की सुनवाई और पुलिस जांच पर है. जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
न्यूज़18 हिंदी (Network 18) डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. न्यूज 18 में एजुकेशन, करियर, सक्सेस स्टोरी पर काम करते हैं. करीब 16 साल से अधिक मीडिया में सक्रिय है. दै…
और पढ़ें

