कहां तक जाएगी कीमत
पृथ्वी फिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन ने कहा कि अमेरिका ने चीन पर टैरिफ लगाया और चीन सरकार ने तुरंत अमेरिकी टैरिफ पर जवाबी कार्रवाई की। मंगलवार को जारी अमेरिकी आर्थिक आंकड़े भी निराशाजनक थे। इससे सोने-चांदी की कीमतों में भी तेजी को सपोर्ट किया। उम्मीद है कि डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव और अमेरिकी व्यापार युद्ध के बीच इस हफ्ते सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
जैन ने कहा कि MCX पर सोने का समर्थन स्तर ₹83,440-83,100 है और प्रतिरोध स्तर ₹84,050-84,400 है। चांदी का समर्थन स्तर ₹95,000-94,400 है और प्रतिरोध स्तर ₹96,300-97,000 है। जैन ने ₹94,400 के स्टॉप लॉस के साथ ₹95,100 के आसपास चांदी खरीदने का सुझाव दिया है जिसका टारगेट प्राइस ₹96,600 है।
सर्राफा बाजार
इससे पहले आभूषण विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं की मजबूत मांग के बीच मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार पांचवें सत्र में तेजी जारी रही। यह 500 रुपये बढ़कर 85,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए उच्चस्तर पर पहुंच गया। पिछले सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 85,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस साल सोना, एक जनवरी के 79,390 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 6,410 रुपये या 8.07 प्रतिशत बढ़कर 85,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। हालांकि, चांदी की कीमतों में पांच दिन की तेजी का सिलसिला टूट गया और यह 500 रुपये के नुकसान से 95,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।

