महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण के बाद रेखा गुप्ता के जरिए बीजेपी ने पूरे देश को महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता वर्तमान में बीजेपी की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी।
वैश्य समुदाय बीजेपी का कोर वोट बैंक
पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की तरह रेखा गुप्ता भी वैश्य समुदाय से आती हैं। दिल्ली में वैश्य समुदाय व्यापार में अच्छी पैठ रखता हैं। यह हमेशा से बीजेपी का कोर वोट बैंक रहा है। इसलिए बीजेपी हाईकमान ने रेखा गुप्ता को चुना है। दूसरी दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 48 सीटें जीतीं है। इसमें पार्टी को कुल 45.56 प्रतिशत वोट मिला है। इसका बड़ा कारण यह भी रहा कि बीजेपी ने महिलाओं के लिए कई योजनाओं की घोषणा की थी। इसलिए बीजेपी ने महिला सीएम का चयन किया है।
कौन हैं रेखा गुप्ता?
दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गईं रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग सीट पर ‘आप’ की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया। रेखा गुप्ता का जन्म हरियाणा में हुआ था। रेखा गुप्ता ने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से पढ़ाई के दौरान ही छात्र राजनीति में कदम रखा। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ी रहीं और 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष बनीं, जहां उन्होंने छात्रों के मुद्दों को सक्रिय रूप से उठाया। साल 2007 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुने जाने के बाद, उन्होंने क्षेत्र में पुस्तकालय, पार्क और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाओं के विकास पर काम किया।
दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी की वापसी
बीजेपी 5 फरवरी को हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को हराकर 27 साल बाद सत्ता में आई है। रामलीला मैदान में नई सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। शपथ ग्रहण समारोह कल दोपहर में होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे। कुछ विशिष्ट मेहमानों सहित लगभग 50,000 लोगों के इस समारोह में भाग लेने की संभावना है।

