कुछ दिन रेस्ट करेंगे, फिर मिलेंगे लोगों से
गॉल ब्लैडर की सर्जरी के बाद अशोक गहलोत अब डॉक्टरों की सलाह से रेस्ट कर रहे हैं। उन्होंने अपने शुभचिंतकों से कहा कि वे कुछ दिन रेस्ट पर रहेंगे। ऐसे में किसी से मिल नहीं पाएंगे। बाद में डॉक्टरों की सलाह लेकर ही लोगों के बीच आ सकूंगा। गौरतलब है कि पूर्व सीएम गहलोत पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। लोकसभा चुनाव के दौरान वे पंजाब में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करने गए थे, लेकिन तबीयत नासाज होने पर उन्हें वापस जयपुर लौटना पड़ा।
दोनों पैरों में लग चुकी चोट, हर्निया का भी हो चुका ऑपरेशन
इससे पहले जून 2023 में जब वे राजस्थान के मुख्यमंत्री थे। तब मुख्यमंत्री निवास पर ही फिसलने के कारण उनके दोनों पैरों में चोट लगी थी। एक पैर में फेक्चर भी आ गया था। करीब दो महीने तक उन्हें व्हील चेयर पर ही रहना पड़ा। इससे पहले वर्ष 2019 में उनके हर्निया का ऑपरेशन भी हुआ था। यह ऑपरेशन उन्होंने मुंबई में कराया था। वे लंबे समय तक बेड रेस्ट पर भी रहे।
सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं गहलोत
राजनीति में सक्रिय रहने के साथ वे सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव रहते हैं। एक दिन पहले ही उन्होंने पचपदरा रिफाइनरी को लेकर प्रदेश सरकार पर सियासी हमला बोला था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एक साल बर्बाद कर दिया। प्रदेश में सरकार बनते ही रिफाइनरी पर कार्य शुरू कर दिया जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। पूरे एक साल बाद सरकार को रिफाइनरी की याद आई है।

