Last Updated:
Delhi IGI Airport: दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर एक बार फिर अफरा-तफरी मची हुई है. अबतक 40 के करीब फ्लाइट कैंसल हो चुकी है, 200 से अधिक फ्लाइट डिले चल रही हैं. इसमें कई फ्लाइट 5 से 6 घंटे की देरी से ऑपरेट हुई हैं. इसके अलावा 7 फ्लाइट्स को जयपुर और अहमदाबाद एयरपोर्ट के लिए डाइवर्ट किया गया है. क्या है इस अफरा तफरी की वजह, जानने के लिए पढ़ें आगे…
दिल्ली एयरपोर्ट से अब तक 200 से अधिक फ्लाइट डिले हो चुकी हैं. Delhi IGI Airport: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुबह से अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है. वजह है घने कोहरे की वजह से फ्लाइट्स ऑपरेशन का लगभग थम जाना. जी हां, घने कोहरे के चलते दिल्ली एयरपोर्ट से से अबतक करीब 40 फ्लाइट्स कैंसल हो चुकी है. इसके अलावा, सात फ्लाइट्स को जयपुर और अहमदाबाद के लिए डाइवर्ट किया गया है, जिनमें डोमेस्टिक के साथ इंटरनेशनल फ्लाइट्स भी शामिल हैं.
आईजीआई एयरपोर्ट से अहमदाबाद डाइवर्ट हुई फ्लाइट्स में सिंगापुर एयरलाइंस की सिंगापुर से आने वाली फ्लाइट SQ402 शामिल है. इसके अलावा, स्पाइस जेट की फ्लाइट SG12 (दुबई-दिल्ली), स्पाइस जेट की ही दूसरी फ्लाइट SG88 (बैंकॉक-दिल्ली), आकासा एयर की बेंगलुरु से आने वाली दो फ्लाइट QP1811 और QP1359, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX1282 (मुंबई-दिल्ली) और एक चाटर्ड फ्लाइट को जयपुर एयरपोर्ट के लिए गया है.
200+ फ्लाइट्स हो चुकी हैं डिले
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, सुबह 11 बजे से दिल्ली एयरपोर्ट से 200 से अधिक फ्लाइट्स डिले हो चुकी थीं. इनमें कई फ्लाइट्स ऐसी हैं, जो अपने निर्धारित समय से करीब 5 से 6 घंटे की देरी से अपने गंतव्य एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई हैं. इन फ्लाइट्स में दिल्ली से मैनचेस्टर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-33 भी शामिल है. यह फ्लाइट अपने निर्धारित समय से करीब छह घंटे की देरी से मैनचेस्टर के लिए रवाना हुई है. इनके अलावा, एयर इंडिया की काठमांडू जाने वाली फ्लाइट AI215 करीब साढ़े घंटे की देरी से टेकऑफ हुई है.
डिपार्चर में है 60 मिनट का औसत डिले
सूत्रों के अनुसार, फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट से टेकऑफ होने वाली फ्लाइट्स में एक घंटे तक का औसत डिले चल रहा है. वहीं दिल्ली आने वाली फ्लाइट में 45 मिनट तक का एवरेज डिले हैं. आपको बता दें कि आज तड़के एयरपोर्ट के तीनों रनवे पर विजबिलिटी (आरवीआर) 350 मीटर से नीचे चली गई थी. जिसके बाद सभी रनवे पर कैट थ्री प्रोसीजर लागू कर दिया गया. इस दौरान एयरपोर्ट से वही एयरक्राफ्ट टेकऑफ या लैंड कर सके, जो कैट थ्री टेक्नोलॉजी से लैस थे और उनके पायलट इस तकनीक की मदद से फ्लाइट उड़ाने में माहिर थे.
ऑपरेशन नॉर्मल होने में लगेगा थोड़ा समय
दिल्ली एयरपोर्ट की तरफ से दोपहर 13 बजे जारी किए गए अपडेट के अनुसार, रनवे पर विजिबिलिटी में तेजी से सुधार हो रहा है. फ्लाइट ऑपरेशंस धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं. हालांकि, उड़ानों के डिपार्चर और अराइवल में अभी भी कुछ असर पड़ सकता है. पैसेंजर्स की मदद के लिए हमारे ग्राउंड स्टाफ टर्मिनलों के विभिन्न पैसेंजर मूवमेंट एरिया में मौजूद हैं. ताजा अपडेट के लिए अपनी एयरलाइन के संपर्क में बने रहें.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें

