Last Updated:
मध्य पूर्व में लगातार बढ़ते सुरक्षा तनाव को देखते हुए अकासा एयर ने बड़ा कदम उठाया है. एयरलाइन ने सऊदी अरब की अपनी फ्लाइट्स के कैंसिलेशंस को 27 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया है. इस कैंसिलेशन से प्रभावित होने वाले यात्रियों को फुल रिफंड और बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के रीशेड्यूल का ऑप्शन दिया जा रहा है.
मिडिल-ईस्ट में तनाव के चलते अकासा एयर ने सऊदी अरब के रियाद और जेद्दा जाने वाली उड़ानों को 27 अक्टूबर तक के लिए कैंसिल कर दिया है. (Image: AI)
Middle East Flight Operation: अगर आपने अकासा एयर से सऊदी अरब के रियाद या जेद्दा जाने की टिकट बुक कराई है, तो आपके लिए जरूरी खबर है. मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए एयरलाइन सऊदी अरब के इन दोनों शहरों के लिए अपनी फ्लाइट्स के कैंसिलेशंस को 27 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया है. यह जानकारी अकासा एयर ने 18 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए अपने पैसेंजर्स को दी है. एयरलाइन के इस फैसले का सीधा असर उन पैसेंजर्स पर पड़ेगा, जिन्होंने इन दोनों शहरों के लिए आने-जाने का प्लान बनाया था. इन पैसेंजर्स को राहत देने के लिए एयरलाइंस ने अपनी तरफ से कुछ विकल्प भी दिए हैं.
टिकट बुक है तो क्या करें पैसेंजर्स?
- एयरलाइन के इस फैसले की वजह से अगर आपकी फ्लाइट भी कैंसिल हुई है तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. अकासा एयर ने पैसेंजर्स को दो विकल्प दिए हैं. यात्री चाहें तो टिकट का पूरा रिफंड ले सकते हैं. या फिर, बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदलवा सकते हैं.
- एयरलाइन के अनुसार, रिफंड की रकम सात दिनों के भीतर उसी पेमेंट माध्यम से वापस कर दी जाएगी, जिससे टिकट बुक करते समय भुगतान किया गया था. यानी अगर आपने किसी माध्यम से टिकट का पैसा चुकाया है, तो रिफंड भी उसी माध्यम से मिलेगा.
- वहीं, जिन पैसेंजर्स ने ट्रैवल एजेंट या दूसरे ट्रैवल पार्टनर्स के जरिए टिकट बुक कराया है, उन्हें अपनी बुकिंग से जुड़ी मदद के लिए सीधे संबंधित एजेंट या ट्रैवल पार्टनर से संपर्क करना होगा.
आखिर क्यों लिया गया यह फैसला?
अकासा एयर ने मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव को देखते हुए यह फैसला लिया है. एयरलाइन का कहना है कि क्षेत्र की मौजूदा स्थिति का आकलन करने के बाद फ्लाइट्स का कैंसिलेशन बढ़ाया गया है. एयरलाइन के अनुसार, पैसेंजर्स और क्रू की सुरक्षा उनके लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है. एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह क्षेत्र में बदलते हालात पर लगातार नजर रख रही है. उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू करने से पहले स्थिति का रियल टाइम में आकलन किया जाएगा. यानी उड़ानें कब से शुरू होंगी, इस पर फैसला सुरक्षा हालात की समीक्षा के बाद ही लिया जाएगा.

