Last Updated:
GRP Latest News: इंडियन रेलवे का नेटवर्क देशभर में फैला हुआ है. महानगर से लेकर कस्बा और दूरदराज के इलाकों तक रेलवे का फैलाव है, ऐसे में रेल प्रॉपर्टी और पैसेंजर्स की सिक्योरिटी को पुख्ता करना एक बड़ी चुनौती …और पढ़ें
वेस्टर्न रेलवे के दीघा रेलवे स्टेशन पर एक शख्स की हत्या मामले में GRP ने बड़ा एक्शन लिया है. (सांकेतिक तस्वीर)
इंडियन रेलवे को नेशनल कैरियर का दर्जा हासिल है. प्रतिदिन लाखों की संख्या में लोग ट्रेनों से सफर करते हैं. भारतीय रेलवे बिना रुके और बिना थके लोगों को उनके डेस्टिनेशन तक पहुंचाता है. भारतीय रेल दुनिया के विशालतम रेल नेटवर्क में से एक है. इतनी बड़ी तादाद में लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने वाले रेलवे के कंधों पर पैसेंजर्स के साथ ही प्रॉपर्टी की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी होती है. इसके लिए GRP के साथ ही RPF के हजारों जवान चौबीसों घंटे तैनात रहते हैं, इसके बावजूद ऐसी घटनाएं होती हैं जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ जाते हैं. वेस्टर्न रेलवे के दीघा रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी घटना को अंजाम दिया गया. GRP को जब घटना के बारे में पता चला तो तत्काल मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी.
दरअसल, दीघा रेलवे स्टेशन की पार्किंग में आधी रात के बाद तकरीबन 2:30 बजे अचानक खलबली मच गई. कुछ लोगों ने मिलकर एक शख्स को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई. GRP ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि पार्किंग विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया.जानकारी के अनुसार, यह घटना 18 अप्रैल 2025 को दीघा रेलवे स्टेशन पर आधी रात के बाद तकरीबन 2:30 बजे हुई. आरोपियों की पहचान 40 साल के गुड्डू पाल और एक किशोर सहित चार अन्य के रूप में हुई है. मृतक की पहचान 48 साल के अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि आरोपी पाल और मृतक पंद्रह दिन पहले ही कॉन्टैक्ट में आए थे.
GRP ने पांच को किया गिरफ्तार
कल्याण GRP ने ठाणे के दीघा रेलवे स्टेशन पर अर्जुन शर्मा नाम के एक व्यक्ति पर लकड़ी के डंडे, मुक्कों और घूंसे से हमला कर उसकी हत्या करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. हिरासत में लिए गए आरोपियों में एक किशोर भी शामिल है. GRP ने बताया कि आरोपी पाल और मृतक के बीच पंद्रह दिन पहले पार्टनरशिप हुई थी. ठेकेदार ने उन्हें दीघा स्टेशन के बाहर पार्किंग के कामकाज को देखने की जिम्मेदारी सौंपी थी. आरोप है कि आरोपी पाल अपने सात-आठ साथियों के साथ पार्किंग स्थल पर पहुंचे और पार्किंग से एकत्र किए गए पैसे को लेकर आपस में ही तीखी बहस शुरू कर दी. गरमा-गरमी अचानक से मारपीट में तब्दील हो गई.
हत्या का मामला दर्ज
गुस्से में आकर आरोपियों ने कथित तौर पर उसे मुक्कों और लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पीटा. इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया और उसे पास के अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस ने कहा कि अर्जुन शर्मा के शरीर पर गंभीर चोटें थीं. इस घटना में अर्जुन की मौत हो गई. इस कांड में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. ठाणे GRP के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर अर्चना दुसाने ने कहा, ‘हमने एक टीम बनाई और एक किशोर सहित पांच आरोपियों को पकड़ लिया है. चार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया, जबकि किशोर को सोमवार को हिरासत में लिया गया और उसे भिवंडी में किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया जाएगा.’

