Last Updated:
Ahmedabad: नरोडा में पुलिस और खाद्य विभाग ने छापा मारकर नकली क्रीम बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. 1200 किलो मिलावटी क्रीम जब्त, जिसे पाम ऑयल और अन्य पदार्थ मिलाकर सस्ते में बेचा जा रहा था.
1200 किलो नकली क्रीम जब्त
अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) के खाद्य विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने नरोडा के श्रीनाथ एस्टेट स्थित एक डेयरी पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली क्रीम जब्त की है. यह छापेमारी तब की गई जब अधिकारियों को डेयरी में लंबे समय से मिलावटी क्रीम बनाए जाने की सूचना मिली थी. टीम ने मौके पर पहुंचकर जब जांच की तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई.
कई सालों से चल रहा था गोरखधंधा
खाद्य अधिकारियों के अनुसार, शिव शुभ डेयरी में पिछले कई वर्षों से नकली क्रीम बनाई जा रही थी. यहां पर असली क्रीम में पाम ऑयल और अन्य सस्ते तेल मिलाकर इसे बाजार में बेचा जाता था. इस छापेमारी के दौरान पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने करीब 1200 किलोग्राम नकली क्रीम जब्त की. इसके अलावा, क्रीम बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण और अन्य सामग्री को भी कब्जे में ले लिया गया.
प्रयोगशाला में भेजे गए सैंपल
जांच के दौरान खाद्य अधिकारियों को क्रीम संदिग्ध लगी, जिसके बाद इसके नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं. यहां यह जांचा जाएगा कि इसमें कौन-कौन से हानिकारक तत्व मिलाए गए थे. प्राथमिक जांच में यह पता चला है कि इस क्रीम में अन्य तेल मिलाकर इसकी गुणवत्ता को प्रभावित किया जा रहा था.
डेयरी मालिक ने दी सफाई
इस मामले में शिव शुभ डेयरी के मालिक राजेशभाई ने भी न्यूज18 गुजराती से बातचीत में बताया कि वे क्रीम में पाम ऑयल समेत अन्य तत्व मिलाते थे, लेकिन उनका दावा है कि इससे कोई नुकसान नहीं होता था. उनका कहना था कि यह केवल वसा बढ़ाने के लिए किया जाता था. उनका यह भी कहना था कि क्रीम अभी तक बाजार में नहीं बेची गई थी, लेकिन टीम ठीक उसी वक्त वहां पहुंच गई जब इसकी सप्लाई की तैयारी की जा रही थी.
आसपास के गांवों में होती थी सप्लाई
मालिक ने बताया कि यह मिलावटी क्रीम आसपास के गांवों में 300 रुपये प्रति किलो की दर से बेची जाती थी. अधिकारियों को संदेह है कि यह गोरखधंधा काफी समय से चल रहा था और इस क्रीम को कई जगहों पर बेचा जा चुका है. फिलहाल, अधिकारियों ने पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है.

