Last Updated:
एएआईबी अजित पवार के विमान हादसे की जांच में जुटी है.मुंबई. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बारामती विमान हादसे को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पत्र का जवाब दिया है. मंत्रालय ने पुष्टि की है कि हादसे का शिकार हुए विमान का ‘ब्लैक बॉक्स’ बरामद कर लिया गया है. अब इसकी डिटेल जांच से ही पता चलेगा कि डिप्टी सीएम अजित पवार और चार अन्य लोगों की जान लेने वाले इस हादसे की असली वजह क्या थी.
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) इसकी निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर रहा है. बुधवार को हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. मंत्रालय ने कहा है कि तकनीकी रिकॉर्ड और घटनास्थल से मिले तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आखिरी पलों के ब्योरे रोंगटे खड़े करने वाले हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, लियरजेट 45 विमान ने बारामती में लैंडिंग की दो बार कोशिश की थी. क्रू ने पहले कहा कि रनवे नहीं दिख रहा है, लेकिन बाद में रनवे दिखने की पुष्टि की. इसके बाद एटीसी ने लैंडिंग की मंजूरी दे दी. यह मंजूरी सुबह 8:43 बजे दी गई थी. ठीक एक मिनट बाद यानी 8:44 बजे एटीसी ने विमान को आग के गोलों में तब्दील होते देखा. यह एक मिनट ही जांच का मुख्य केंद्र बिंदु है.
कैडेट्स के भरोसे था एटीसी, अनकंट्रोल्ड एयरपोर्ट
रिपोर्ट में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है. बारामती एयरपोर्ट ‘अनकंट्रोल्ड’ श्रेणी में आता है. यहां का एटीसी (ATC) ट्रैफिक कंट्रोल प्रोफेशनल अधिकारियों के बजाय लोकल फ्लाइंग स्कूल के पायलट कैडेट्स संभालते हैं. ये कैडेट्स बारी-बारी से ड्यूटी करते हैं. मंत्रालय ने सीएम फडणवीस की चिंता का संज्ञान लिया है और कहा है कि जांच के नतीजे राज्य सरकार के साथ साझा किए जाएंगे.
पायलट समेत 5 की मौत, ब्लैक बॉक्स अहम
इस हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार, उनके सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव, पायलट सुमित कपूर, को-पायलट शांभवी पाठक और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की मौत हो गई. ब्लैक बॉक्स विमान का सबसे अहम हिस्सा होता है जो फ्लाइट के दौरान सारा डेटा और कॉकपिट की आवाज रिकॉर्ड करता है. इसे सुरक्षित रख लिया गया है और यही बताएगा कि आखिरी पलों में कॉकपिट के अंदर क्या बात हुई थी.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें

