विधानसभा में रफीक खान के शेर पर लगा पाकिस्तानी का नारा
विधानसभा में स्वायत्त शासन विभाग के अनुदानों को लेकर चर्चा हो रही थी। इस दौरान जयपुर के आदर्श नगर विधायक रफीक खान ने भजनलाल सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल को नाकाम बताया। साथ ही उन्होंने एक शेर पढ़ा ‘जो रईस हैं खानदानी, मिजाज रखते हैं नरम अपना, तुम्हारा लहजा बता रहा है, तुम्हारी दौलत नई नई है।’
इस पर बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा ने बीच में खड़े होकर ‘पाकिस्तानी-पाकिस्तानी’ कहना शुरू किया। इस पर कांगेस ने भी जमकर हंगामा शुरू कर दिया। कांग्रेस इस बयान पर आपत्ति जताते हुए इसे सदन की कार्रवाई से हटाने की मांग करने लगी। साथ ही बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने गोपाल शर्मा को जाकर शांत करवाया। इधर, तब से राजस्थान की सियासत में इस घटनाक्रम से जमकर हलचल मची हुई है।
कौन है विधायक रफीक खान?
कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान राजधानी के आदर्श नगर के विधायक हैं, जो लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं। रफीक खान को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुट का माना जाता है। रफीक खान गहलोत सरकार में अल्पसंख्यक बोर्ड के चेयरमैन भी रह चुके हैं। इसके अलावा कांग्रेस विधायक रफीक खान राजस्थान के सबसे अमीर विधायकों में शामिल हैं। वह कार शोरूम और वर्कशॉप के मालिक होने के साथ-साथ खनन का कारोबार भी करते हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में दिए गए हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति 48.50 करोड़ रुपये बताई थी।
राहुल गांधी से डांट खाकर चर्चा में आए थे रफीक खान
बता दें, रफीक खान पहले सियासत में काफी चर्चा में नहीं थे। इस बीच वह राहुल गांधी से ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के दौरान डांट खाकर चर्चा में आ गए थे। राजस्थान में ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के दौरान एंट्री के बाद झालावाड़ के काली तलाई से राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं के साथ यात्रा शुरू की। कुछ देर बाद कांग्रेस विधायक रफीक खान ने राहुल गांधी के साथ चलना शुरू किया। इस बीच राहुल गांधी यात्रा में शामिल किसी व्यक्ति से बात कर रहे थे, लेकिन उनसे बात करने के लिए रफीक खान राहुल गांधी को बार-बार टोक रहे थे। इससे नाराज होकर राहुल गांधी ने रफीक खान को फटकार लगा दी। उस समय इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

