Last Updated:
मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है. उग्रनाथ मंदिर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए भगवान का सोने का मुकुट और दान पेटी समेत लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. बता दें कि यह मंदिर सकरी थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में स्थित है और मिथिलांचल का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माना जाता है.

मधुबनी उग्रनाथ मंदिर में लाखों की चोरी, सोने का मुकुट और दान पेटी गायब
मधुबनी. बिहार के मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र स्थित भवानीपुर गांव में मिथिलांचल के प्रसिद्ध उग्रनाथ मंदिर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. मंदिर से भगवान का सोने का मुकुट और दान पेटी समेत लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली गई. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार, सकरी थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव स्थित प्राचीन उग्रनाथ मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और भगवान पर चढ़ा सोने का मुकुट उतार लिया. साथ ही मंदिर की दान पेटी को भी तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए. सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला. अंदर जाकर देखा तो मुकुट और दान पेटी गायब थी. इसके बाद तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी गई. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुट गए.
सकरी थाना पुलिस जांच में जुटी
ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की इस घटना से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है. मंदिर में नियमित रूप से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं और विशेष अवसरों पर यहां भारी भीड़ उमड़ती है. सूचना मिलते ही सकरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास के संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और संभावित सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है.प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोरी की गई संपत्ति की कीमत लाखों रुपये में है.
ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस की जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी. आसपास के इलाकों में नाकेबंदी और गश्त बढ़ा दी गई है. उग्रनाथ मंदिर मिथिलांचल क्षेत्र का एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है. यहां दूर-दूर से श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं. महाशिवरात्रि और सावन के महीने में यहां विशेष आयोजन होते हैं. ऐसे में मंदिर में चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है.
About the Author
पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें

