भारतीय समयानुसार सुबह करीब 6:30 बजे बिटकॉइन की कीमत 97 हजार डॉलर को पार कर गई थी। फिर भारत के पाकिस्तान पर हमले की खबर फैली और इसमें गिरावट आ गई। लेकिन जब इस हमले को लेकर दुनिया ने भारत की तारीफ की तो बिटकॉइन में शानदार तेजी आई और फिर से करीब 97 हजार डॉलर के पास पहुंच गई। इसके बाद इसमें तेजी बनी रही।
मंगलवार को आई थी तेजी
एक दिन पहले यानी मंगलवार को बिटकॉइन की कीमत 97 हजार के पार चली गई थी। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान दोनों से बात की थी। इस खबर का बाजार पर बड़ा असर पड़ा। भारत, अमेरिका का एक बड़ा व्यापारिक भागीदार है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘यह बहुत शर्मनाक है, हमें अभी इसके बारे में पता चला। मुझे लगता है कि लोगों को अतीत के आधार पर कुछ होने वाला था। वे लंबे समय से लड़ रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि यह बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा।’
एक हफ्ते में उतार-चढ़ाव
बिटकॉइन में पिछले एक हफ्ते में काफी उतार चढ़ाव रहा है। यही कारण है कि इसने निवेशकों को बहुत ज्यादा रिटर्न नहीं दिया है। इसका एक हफ्ते का रिटर्न दो फीसदी से थोड़ा ही ज्यादा है। वहीं बात अगर एक महीने की करें तो रिटर्न अच्छा रहा है। एक महीने में बिटकॉइन निवेशकों को 25 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दे चुकी है। ऐसे में इस क्रिप्टो में निवेशकों का भरोसा फिर से बढ़ रहा है।
आगे कीमत बढ़ेगी या गिरेगी?
आने वाले समय में बिटकॉइन की कीमत में उतार-चढ़ाव रह सकता है। अगर ट्रंप के तनाव कम करने के प्रयास जारी रहते हैं और भारत-पाकिस्तान के बीच संकट आगे और नहीं बढ़ता है तो इसकी कीमत में तेजी आ सकती है। जानकारों का मानना है कि ऐसी स्थिति में बिटकॉइन की कीमत 100,000 डॉलर तक पहुंच सकती है।

