Last Updated:
Kota Industrial News: कोटा के लघु एवं मध्यम उद्योगों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए एसएसआई एसोसिएशन का 70 सदस्यीय उद्यमी प्रतिनिधिमंडल चीन और हांगकांग का अध्ययन दौरा पूरा कर लौटा है. प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय विनिर्माण, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और वैश्विक आपूर्ति नेटवर्क की जानकारी हासिल की. इस दौरान उद्योगों के आधुनिकीकरण के लिए 5 करोड़ रुपये के मशीन ऑर्डर साइन किए गए, जिससे कोटा के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.
कोटा। कोटा के लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाने और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज (एसएसआई) एसोसिएशन का 70 सदस्यीय उद्यमी प्रतिनिधिमंडल चीन और हांगकांग का अंतरराष्ट्रीय अध्ययन दौरा पूरा कर स्वदेश लौट आया है. एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक मेहता, सचिव समीर सूद और कोषाध्यक्ष राहुल जैन के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय विनिर्माण, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और वैश्विक आपूर्ति नेटवर्क का अध्ययन किया. इस दौरान कोटा के उद्यमियों ने उद्योगों के आधुनिकीकरण के लिए 4 से 5 करोड़ रुपये के मशीनरी ऑर्डर साइन किए हैं. वहीं, आगामी 3 से 6 महीनों में 60 से 70 करोड़ रुपये का नया कारोबार मिलने की उम्मीद है.
प्रतिनिधिमंडल ने हांगकांग में ग्लोबल सोर्सेज फेयर और रोबोटिक्स एंड एआई फेयर का अवलोकन किया. इसके अलावा ग्वांगझोउ में आयोजित कैंटन फेयर में भाग लेकर विदेशों में कारोबार करने के तरीकों को समझा. दल ने शेनझेन के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार, फोशान के फर्नीचर बाजार और ग्वांगझोउ के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों का भी दौरा किया. इस दौरान 30 से अधिक आधुनिक विनिर्माण इकाइयों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया गया. उद्यमियों ने उत्पादन प्रक्रिया, ऑटोमेशन, गुणवत्ता नियंत्रण और आधुनिक मशीनरी की कार्यप्रणाली को करीब से जाना. कोटा के उद्योगों में नई टेक्नीक अपनाकर उत्पादन क्षमता बढ़ाकर और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्पाद तैयार करना है.
‘कुएं के मेंढक बनकर नहीं रह सकते’, वैश्विक बाजार में बढ़ाएंगे कारोबार
एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक मेहता ने बताया कि कोटा में लगभग 850 एमएसएमई इकाइयां हैं. अभी तक संस्था का मुख्य फोकस सरकारी नियमों के अनुपालन और प्रशासनिक समस्याओं के समाधान पर रहा है, लेकिन अब उद्योगों के विस्तार और तकनीकी उन्नयन पर भी काम किया जा रहा है. मेहता ने कहा कि कोटा के उद्यमियों को वैश्विक बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना जरूरी है. इसके लिए बैकवर्ड इंटीग्रेशन और फॉरवर्ड इंटीग्रेशन की जानकारी देना आवश्यक था. इसी के साथ 4 से 5 महीने की योजना के बाद अंतरराष्ट्रीय अध्ययन दौरा आयोजित किया गया. इससे उद्यमियों को नई टेक्नोलोजी अच्छे उत्पादन से कारोबार बढ़ाने के अवसरों की जानकारी मिली है.
मेगा विजन बिजनेस सर्किल के तीसरे चरण का आयोजन
एसोसिएशन के सचिव समीर सूद ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में 15 युवा उद्यमी और 2 महिला उद्यमी भी शामिल थीं. दल के मार्गदर्शन के लिए एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कमलदीप सिंह और राजकुमार जैन के साथ संयोजक नितिन अग्रवाल भी मौजूद रहे. कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने बताया कि यह दौरा ‘मेगा विजन बिजनेस सर्किल’ पहल के तीसरे चरण ‘अंतरराष्ट्रीय एक्सपो एवं बिजनेस ग्रोथ’ का हिस्सा था. इससे पहले स्थानीय स्तर पर नेटवर्किंग और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया था. अब इस दौरे से मिले अनुभव और तकनीकी जानकारी का उपयोग कोटा के उद्योगों को आधुनिक बनाने, नई मशीनरी अपनाने और कारोबार बढ़ाने में किया जाएगा.
60 से 70 करोड़ रुपये के नए कारोबार की उम्मीद
इस अंतरराष्ट्रीय दौरे के दौरान 4 से 5 करोड़ रुपये के मशीनरी ऑर्डर साइन किए गए हैं. इसके अलावा अगले 3 से 6 महीनों में 60 से 70 करोड़ रुपये का नया कारोबार मिलने की उम्मीद जताई गई है. इससे कोटा के लघु एवं मध्यम उद्योगों में आधुनिक तकनीक अपनाने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और वैश्विक बाजार में अपनी पहचान मजबूत करने के अवसर मिल सकते हैं.
About the Author
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…

