Last Updated:
Code 26-26 Terror Attack: पहलगाम अटैक के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च कर पाकिस्तान की धज्जियां उड़ा दीं. जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर किए गए अटैक में कुख्यात मसूद अजहर के कई गुर्गे मारे गए. उसके बाद से ही आतंकवादी भारत पर हमले की साजिश रचने में जुटे हैं.
Code 26-26 Terror Attack: पाकिस्तान बेस्ड आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद 26 जनवरी 2026 को आतंकी हमले की साजिश रच रहा है. इसे देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है. (फाइल फोटो)नई दिल्ली. गणतंत्र दिवस से पहले देश में बड़े आतंकी हमले की साजिश का इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं. खुफिया एजेंसियों के मुताबिक आतंकियों ने इस साजिश को ‘कोड नेम 26-26’ दिया है, जिसका मकसद 26 जनवरी से पहले देश के अलग-अलग हिस्सों में बड़े हमलों को अंजाम देना है. इनपुट के बाद देश के प्रमुख शहरों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. सूत्रों के अनुसार, आतंकियों के निशाने पर देश के बड़े मंदिर हैं, जिनमें अयोध्या का राम मंदिर और जम्मू का रघुनाथ मंदिर प्रमुख रूप से शामिल हैं. इन स्थलों पर पहले से ही भारी सुरक्षा व्यवस्था मौजूद है, लेकिन अब अतिरिक्त बल तैनात कर निगरानी और कड़ी कर दी गई है. इसके साथ ही राजधानी दिल्ली समेत अन्य महानगरों में भी चेकिंग बढ़ा दी गई है और सार्वजनिक स्थानों पर गश्त तेज कर दी गई है.
इंटेलिजेंस एजेंसियों को आशंका है कि इस साजिश के पीछे पाकिस्तान बेस्ड आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के साथ-साथ पंजाब बेस्ड गैंगस्टर नेटवर्क भी शामिल हो सकते हैं. एजेंसियों का मानना है कि ये नेटवर्क स्थानीय स्तर पर युवाओं को बहकाकर आतंकी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश कर रहे हैं. इसी कड़ी में सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखी जा रही है, जहां Kashmiri Resistance Group से जुड़ा Falcon Squad नाम का हैंडल खुलेआम धमकियां दे रहा है और युवाओं को उकसाने का प्रयास कर रहा है. दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही बेहद कड़ी रहती है, लेकिन इस बार खतरे के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. राजधानी के कई इलाकों में संदिग्ध आतंकियों के पोस्टर चस्पा किए गए हैं. इन पोस्टरों में पहली बार दिल्ली के एक फरार आतंकी की तस्वीर भी सामने आई है. यह आतंकी मोहम्मद रेहान बताया गया है, जो नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के चौहान बांगर इलाके का रहने वाला है और वर्ष 2016 से फरार है.
कहां है संदिग्ध आतंकवादी मोहम्मद रेहान?
सूत्रों के मुताबिक मोहम्मद रेहान उस समय अंडरग्राउंड हो गया था, जब उत्तर प्रदेश के संभल में अलकायदा से जुड़े एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया था. तब से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हुई हैं. अब गणतंत्र दिवस से पहले जारी इस अलर्ट के बीच उसकी तस्वीर सार्वजनिक कर आम लोगों से भी मदद मांगी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंचाई जा सके. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि आतंकियों का मकसद भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर देश में दहशत फैलाना और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ना हो सकता है. इसी कारण रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, एयरपोर्ट, मेट्रो स्टेशन और प्रमुख बाजारों में भी तलाशी अभियान तेज कर दिए गए हैं. कई राज्यों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीमें बनाकर विशेष गश्त कराई जा रही है.
देशभर में अलर्ट
सरकारी सूत्रों ने बताया कि किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए केंद्र और राज्य एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है. इंटेलिजेंस इनपुट को लेकर रोजाना उच्च स्तरीय बैठकें हो रही हैं और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की जा रही है. आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें. गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस देश का सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है, जिसमें राजधानी दिल्ली में भव्य परेड और समारोह आयोजित होते हैं. ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की चूक नहीं करना चाहतीं. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन खतरे की गंभीरता को देखते हुए पूरे देश में हाई अलर्ट जारी रखा गया है, ताकि किसी भी साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें

