लावारिस हालत में पड़े हुए थे 11 ट्रॉली बैग, पिठ्ठू बैग और थैले
रफीगंज स्टेशन पर डेढ़ लाख से अधिक कीमत की अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। बरामद शराब उत्तर प्रदेश से लाई गई थी। रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ), रफीगंज पोस्ट के उप निरीक्षक इंदल कुमार मंडल ने बताया कि आरपीएफ की ओर से ट्रेनों में विस्फोटक, ज्वलनशील, प्रतिबंधित और नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इस दौरान प्लेटफार्म संख्या-3 से ट्रेन संख्या 12398 डाउन महाबोधि एक्सप्रेस के चले जाने के बाद प्लेटफॉर्म के पूर्वी छोर पर बन रहे फुट ओवरब्रिज के नीचे लावारिस हालत में 11 ट्रॉली बैग, पिठ्ठू बैग और थैले पड़े हुए थे। आरपीएफ ने इसकी तलाशी ली तो अंदर का नजारा देख हैरान रह गई।
महाबोधि एक्सप्रेस से लाई गई शराब की बड़ी खेप
इंदल कुमार मंडल ने कहा कि ये शराब महाबोधि एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए लाई गई थी। माना जा रहा है कि ट्रेन जब प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर रुकी हुई थी, तभी तस्करों ने शराब के बैग फुटओवर ब्रिज के नीचे छोड़ दिए। ताकि उनका कोई साथी आकर वहां से इन्हें उठा ले जाए।
689 बोतल अंग्रेजी शराब मिली
तलाशी में विभिन्न ब्रांड के कुल 689 बोतल अंग्रेजी शराब मिली है। बरामद शराब उत्तर प्रदेश में निर्मित है, जिसकी कीमत 1 लाख 68 हजार 950 रुपये बताई जा रही है। आरपीएफ ने शराब को जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए सोननगर रेल थाना की पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। इसे लेकर सोननगर रेल थाना में मामला दर्ज किया गया है। रेल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हैं। हालांकि, शराब की तस्करी के इस मामले में किसी की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

