कल का मौसम 8 अक्टूबर: देश के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों अलग-अलग वेदर सिस्टम एक्टिव हैं. हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) के एिक्टिव होने से उत्तर भारत में मौसम के प्रभावित होने की प्रबल संभावना है. इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिम उत्तर प्रदेश में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है. दूसरी तरफ, पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार-बंगाल होते हुए बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ लाइन जा रही है. इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश,बिहार, बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है. IMD ने कई राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान जताया है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों में अगले 7 दिनों के दौरान बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ समेत कई मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने के कारण उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और केरल समेत कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
पिश्चमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन
आईएमडी के अनुसार, मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं के बीच सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ एक ट्रफ के रूप में मौजूद है. इसकी धुरी समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 32 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में 74 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास बनी हुई है. इसके अलावा उत्तराखंड और उससे सटे हिमाचल प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है. दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ तथा दक्षिणी झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं. इसके साथ ही एक ट्रफ गल्फ ऑफ मन्नार से उत्तर आंतरिक कर्नाटक होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक तथा दूसरा ट्रफ दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है. इन सभी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से देश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है.
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 8 अक्टूबर को हो सकती है बारिश
आईएमडी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 8 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इन क्षेत्रों में 10 अक्टूबर को भी काफी व्यापक बारिश हो सकती है. 9 और 11 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं.
दैनिक मौसम परिचर्चा (07-10-2026)
(i) अगले 2-3 दिनों में महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों तथा तेलंगाना और उत्तरी अंदरूनी कर्नाटक के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के और पीछे हटने के लिए हालात अनुकूल होने की संभावना है।
(ii) 7 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में; 8 और 9 तारीख को उत्तराखंड में; 7 और 8 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल और सिक्किम में; तथा 8-10 अक्टूबर के दौरान केरल और माहे तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।https://t.co/yA1dD96BQF

