मनाली. हिमाचल प्रदेश में 23 जनवरी को भारी बर्फबारी की वजह से मनाली और आसपास के इलाकों में जनजीनव पर खासा असर पड़ा है. मनाली में सड़कें बंद हैं, जिससे सैकड़ों पर्यटक फंस गए हैं और रास्तों पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई है. उधर, स्कूलों में मंगलवार को बर्फबारी की आशंका के चलते छुट्टी दी गई है. ताजा जानकारी के अनुसार, मनाली के सोलांगनाला में मंगलवार सुबह बर्फबारी शुरू हो गई है.
अधिकारियों के मुताबिक, जो पर्यटक बर्फबारी से पहले मनाली पहुंचे थे, वे अपने होटल या ठहरने की जगहों तक ही सीमित हैं क्योंकि मुख्य सड़कें बंद हैं. एक अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर रख रहा है. सभी सड़कों को खोलने की कोशिश की जा रही है, लेकिन ट्रैफिक के लिए रास्ते पूरी तरह साफ करने में थोड़ा और वक्त लगेगा.
मनाली में संपर्क मार्ग अब तक नहीं खुल पाए हैं.
मनाली माल रोड पर सामान उठाए सैलानी.
कुल्लू पुलिस की एडवायजरी
कुल्लू पुलिस ने एडवायजरी जारी करते हुए बताया कि हाल ही में मनाली एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण संपर्क मार्ग अवरुद्ध हैं. 27 जनवरी को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और बर्फबारी, तूफान औऱ बारिश की आशंका है. पुलिस ने बताया कि यदि खराब मौसम रहा औऱ बर्फबारी हुई तो पतलीकुहल से मनाली और भून्तर से मनीकर्ण की तरफ के मार्ग अवरुद्ध हो सकते हैं और ऐसे में पतलीकुहल से मनाली और भुन्तर से मनीकर्ण की तरफ केवल 4×4 वाहनों को ही आगे जाने दिया जाएगा. कुल्लू एवं आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्री राइट बैंक मार्ग के जरिये मनाली पहुंच सकते हैं.

