Last Updated:
कोलकाता में दुर्गा पूजा के मौके पर सड़कों को रंगीन रंगों से रंगना अब बाइकसवारों के लिए भारी पड़ता दिख रहा है. यहां चिंगरीघाटा फ्लाईओवर पर बारिश के बाद एक के बाद एक कई बाइक फिसल गईं. इस घटना को लेकर आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. वहीं पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं.
झमाझम बारिश के बीच फ्लाइओवर पर फिसलती बाइकें, वायरल वीडियो और अब इस पर गरमाती सियासत… पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चिंगरीघाटा फ्लाईओवर पर बाइकों के फिसलने की घटना ने सड़क सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक के एक तीन बाइक सड़क पर फिसलती दिख रही है. ऐसा दावा किया जा रहा है कि फ्लाईओवर पर दुर्गापूजा के लिए की गई रंगीन पेंटिंग की वजह से बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ रहा है.
बिधाननगर ट्रैफिक पुलिस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, चिंगरीघाटा फ्लाईओवर पर दोपहर करीब 12:30 बजे के करीब दो बाइक फिसलने की घटनाएं सामने आईं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन घटनाओं में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है. लेकिन इस घटनाओं ने सड़क पर रंगीन पेंटिंग को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
सोशल मीडिया पर कुछ लोग सड़क पर की गई नई रंगीन सजावट को हादसों की वजह बता रहे हैं. सवाल यह है कि क्या बारिश के बाद फ्लाईओवर की सतह फिसलन भरी हो गई थी, या फिर इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल, पेंटिंग और बाइक फिसलने की घटनाओं के बीच सीधा संबंध स्थापित नहीं हुआ है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
पश्चिम बंगाल की शहरी विकास और नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अधिकारियों को घटनास्थल का दौरा करने और मामले की जांच करने का निर्देश दिया है. उन्होंने संकेत दिया कि अगर जांच में यह सामने आता है कि हाल में किए गए रंगों के इस्तेमाल से सड़क सुरक्षा या दृश्यता प्रभावित हो रही है, तो आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दूसरे विकल्पों पर विचार किया जाएगा.
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सीधे पेंटिंग को हादसों की वजह मानने पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा, ‘बिना मौके का मुआयना किए मुझे टिप्पणी क्यों करनी चाहिए? क्या पेंटिंग की वजह से बाइक फिसलती हैं?’ (फोटो- facebook.com@arijit72)
अब सबकी नजर इस बात पर है कि अधिकारियों की जांच में सड़क की सतह, बारिश के बाद की स्थिति और रंगीन सजावट की भूमिका को लेकर क्या सामने आता है.

