राजधानी दिल्ली में प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर है. अब लोगों को 50 और 60 रुपये किलो में प्याज खरीदने का टेंशन नहीं होगा. राजधानी में लोगों तक प्याज की उपलब्धता बनाए रखने और कीमतों पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार दिल्ली को 1000 मीट्रिक टन यानि 10 लाख किलोग्राम प्याज उपलब्ध कराएगी. सबसे खास बात है कि सरकार ने प्याज की कीमतें फिक्स कर दी हैं, यह प्याज आम लोगों को 35 रुपये प्रति किलो की दर से बेची जाएगी.
उचित दर दुकानों पर मिलेगा सस्ता प्याज
दिल्ली सरकार के मुताबिक, केंद्र से मिलने वाले प्याज की बिक्री उचित दर की दुकानों के माध्यम से की जाएगी. यहां उपभोक्ताओं को प्याज बाजार की कीमतों की तुलना में कम दर पर 35 रुपये प्रति किलो मिलेगा.
सरकार का मकसद राजधानी में प्याज की पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखना और कीमतों में होने वाली अचानक बढ़ोतरी से आम लोगों को राहत देना है.
13 जिलों में वैन से भी होगी बिक्री
सस्ता प्याज सिर्फ उचित दर या राशन की दुकानों तक ही सीमित नहीं रहेगा. दिल्ली के सभी 13 जिलों में एक-एक वैन के जरिए भी प्याज की बिक्री की जाएगी. ऐसे में जो लोग राशन की दुकानों से प्याज नहीं खरीद पा रहे वे इन वैन से खरीद सकेंगे.
ये मोबाइल वैन अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों को 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराएंगी. इससे उन इलाकों के लोगों को भी राहत मिलेगी, जहां उचित दर की दुकानों तक पहुंच आसान नहीं है.
प्याज की कीमत और सप्लाई पर सरकार की नजर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली सरकार राजधानी में प्याज का संकट पैदा नहीं होने देगी. सरकार प्याज की कीमत और उपलब्धता पर लगातार नजर रख रही है.
सरकार का कहना है कि प्याज जैसी रोजमर्रा की जरूरी खाद्य वस्तु की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है. केंद्र की ओर से 1000 मीट्रिक टन प्याज उपलब्ध कराया जाना इसी दिशा में एक अहम कदम है.
सरकार का लक्ष्य साफ है कि दिल्ली में प्याज की किल्लत न हो और आम लोगों को 35 रुपये किलो की दर पर प्याज उपलब्ध कराया जा सके.

