Last Updated:
Tamil Nadu Chunav: भाजपा लंबे समय से दक्षिण भारत में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने में जुटी है. कर्नाटक में पार्टी को सफलता मिली है, पर तमिलनाडु और केरल जैसे राज्यों में बीजेपी अभी भी क्षेत्रीय क्षत्रपों को सीधी चुनौती देने की स्थिति में नहीं है. तमिलनाडु में जिस तरह से हालात बदल रहे हैं, उनमें भाजपा को मौका मिलने की उम्मीद है.

तमिलनाडु में जिस तरह से राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं, उनमें TVK अध्यक्ष विजय सत्तारूढ़ DMK और सीएम एमके स्टालिन की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं. (फाइल फोटो/PTI)
Tamil Nadu Chunav: तमिलनाडु की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है. अभिनेता से राजनेता बने विजय (अभिनेता‑राजनेता) की TVK के संभावित चुनावी रुख ने राज्य की मुख्य सत्ताधारी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर TVK सभी 234 सीटों पर चुनाव लड़ती है तो यह कदम तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा समीकरण बदल सकता है और विपक्षी खेमे के लिए रणनीतिक अवसर पैदा कर सकता है. अब यहां एक और पेच है. TVK के कई जिला सचिवों ने DMK को हराने के लिए गठबंधन की जरूरत पर जोर दिया है. अब यहां एक बात दिलचस्प है कि TVK प्रदेश में सत्तारूढ़ डीएमके के खिलाफ है, ऐसे में सवाल यह है कि विजय की पार्टी यदि चुनावी गठजोड़ करती है तो किसके साथ करेगी. अब इस प्वाइंट पर NDA की एंट्री होती है. यदि TVK और एनडीए के बीच गठजोड़ होता है तो स्टालिन और उनकी पार्टी के लिए गंभीर चुनौती खड़ी हो सकती है.
अब पूरे घटनाक्रम को समझिए.TVK के महासचिव एन. आनंद ने शुक्रवार को पार्टी के जिला सचिवों के साथ वर्चुअल बैठक कर चुनावी रणनीति पर राय मांगी. बैठक में यह सवाल रखा गया कि क्या पार्टी को किसी गठबंधन में शामिल होना चाहिए या फिर सभी 234 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ना चाहिए. हालांकि, बैठक में किसी खास दल या संभावित गठबंधन का नाम नहीं लिया गया, लेकिन कई नेताओं ने सत्ता विरोधी वोटों को एकजुट करने के लिए गठबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया. पार्टी के कई जिला सचिवों ने राय दी कि अगर गठबंधन बनता है तो उसका मुख्यमंत्री चेहरा विजय को ही होना चाहिए. एक जिला सचिव ने कहा कि अंतिम फैसला पार्टी अध्यक्ष विजय ही करेंगे और संगठन उनके निर्णय के साथ खड़ा रहेगा. वहीं, कुछ नेताओं का मत था कि यह चुनाव पार्टी के लिए अपनी वास्तविक ताकत दिखाने का अवसर है, इसलिए TVK को अकेले मैदान में उतरना चाहिए. बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी जिला सचिव अपने-अपने क्षेत्रों में संभावित उम्मीदवारों के नाम जल्द से जल्द तय करें और पार्टी नेतृत्व को भेजें. बताया जा रहा है कि विजय अब तक करीब 60 संभावित उम्मीदवारों का इंटरव्यू भी ले चुके हैं.
टाइमिंग क्यों खास?
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’की रिपोर्ट के अनुसार, राजनीतिक तौर पर इस घटनाक्रम को खास माना जा रहा है क्योंकि विजय जल्द ही दिल्ली जाने वाले हैं, जहां उन्हें करूर भगदड़ मामले में पूछताछ के लिए केंद्रीय जांच एजेंसी के सामने पेश होना है. संयोग से उसी दिन राष्ट्रीय राजनीति में भी महत्वपूर्ण गतिविधियां तय हैं. भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने चुनाव वाले राज्यों के पार्टी नेताओं की एक बैठक उसी दिन नई दिल्ली में बुलाई है, ऐसे में तमिलनाडु की राजनीति पर राष्ट्रीय दलों की नजर भी बनी हुई है. विश्लेषकों का मानना है कि अगर TVK चुनाव अकेले लड़ती है तो इसका सबसे बड़ा असर सत्तारूढ़ एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली DMK पर पड़ सकता है. नई पार्टी होने के बावजूद विजय की लोकप्रियता और युवा मतदाताओं के बीच उनकी पकड़ राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकती है.
बीजेपी के लिए क्यों फायदेमंद?
कुछ राजनीतिक पर्यवेक्षकों का यह भी मानना है कि राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार की कोशिश कर रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए भी यह स्थिति रणनीतिक रूप से फायदेमंद हो सकती है. अगर विपक्षी वोट कई हिस्सों में बंटते हैं तो इसका असर सीधे DMK के चुनावी प्रदर्शन पर पड़ सकता है. फिलहाल TVK नेतृत्व ने आधिकारिक तौर पर गठबंधन को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है. लेकिन जिस तरह पार्टी के भीतर चर्चा चल रही है और संगठनात्मक तैयारियां तेज की जा रही हैं, उससे साफ है कि आने वाले दिनों में तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं. राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि अगर विजय अकेले चुनावी मैदान में उतरते हैं तो राज्य की पारंपरिक द्रविड़ राजनीति को पहली बार एक नए प्रकार की चुनौती का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव तमिलनाडु की राजनीति के लिए बेहद दिलचस्प और निर्णायक साबित हो सकते हैं.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें

