Agency:एजेंसियां
Last Updated:
तमिलनाडु के सलेम में खेत में काम कर रहीं बुजुर्ग चेलम के लिए मंगलवार का दिन अचानक से बहद खास बन गया. मुख्यमंत्री विजय का काफिला उनके पास अचानक से रुका तो चेलम ने उनका हाथ पकड़ लिया. बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने अपना चश्मा उतारकर चेलम को पहना दिया. चेलम ने इस मुलाकात को ‘एक करोड़ रुपये जीतने’ जैसी खुशी बताया.
सीएम विजय ने अपना महंगा चश्मा उतारा और प्यार से चेलम को पहना दिया. (वीडियो ग्रैब)
तमिलनाडु के सलेम जिले में मंगलवार की दोपहर खेतों में काम कर रहीं बुजुर्ग महिला चेलम के लिए किसी आम दिन की तरह शुरू हुई थी. उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद उनकी जिंदगी का एक ऐसा पल कैमरों में कैद होगा, जिसे वह उम्रभर नहीं भूल पाएंगी. मुख्यमंत्री विजय से करीब 15 मिनट की मुलाकात ने उनके इस साधारण से दिन को बेहद खास बना दिया. चेलम की खुशी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने इस मुलाकात को ‘एक करोड़ रुपये जीतने’ जैसा अनुभव बताया.
दरअसल सीएम विजय मेट्टूर जलविद्युत बिजलीघर का निरीक्षण करने और सिंचाई के लिए स्टेनली जलाशय के फाटक खोलने के बाद सलेम हवाई अड्डे की ओर जा रहे थे. रास्ते में उनकी नजर सड़क किनारे खेतों में काम कर रही बुजुर्ग महिलाओं के एक समूह पर पड़ी. इसके बाद विजय ने अचानक अपना काफिला रुकवाया और खुद गाड़ी से उतरकर उन महिलाओं से मिलने पहुंच गए.
मुख्यमंत्री के काफिले के रुकते ही आसपास हलचल बढ़ गई. खेतों और सड़क किनारे मौजूद लोग यह देखने के लिए जुटने लगे कि आखिर हो क्या रहा है. इसी दौरान चेलम भी वहां पहुंचीं और मुख्यमंत्री विजय को देखते ही बिना किसी झिझक के उनके पास चली गईं.
चेलम ने विजय का हाथ पकड़ लिया. वह बताती हैं कि मुख्यमंत्री ने सबसे पहले उनसे बेहद सामान्य लेकिन अपनापन भरा सवाल पूछा, ‘क्या आपने खाना खा लिया है?’ इस सवाल का चेलम ने जो जवाब दिया, उसने इस मुलाकात को और खास बना दिया. उन्होंने विजय से कहा कि उन्होंने अभी खाना नहीं खाया, क्योंकि वह पहले उनसे मिलना चाहती थीं और उनका इंतजार कर रही थीं.
विजय ने उनका नाम पूछा, उनका हालचाल जाना और फिर आसपास मौजूद किसान परिवार के घर और पशुओं के बाड़े का भी मुआयना किया. इसके बाद आया वह पल, जिसने पूरे घटनाक्रम को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया. सीएम विजय ने अपना महंगा चश्मा उतारा और प्यार से चेलम को पहनाया. यह चश्मा कोई आम नहीं, बल्कि मशहूर लग्जरी फैशन ब्रैंड क्रिस्टियन डियोर का था, जिसकी कीमत करीब 39 से 58 हजार रुपये के बीच आती है.
VIDEO | Salem: Tamil Nadu CM C Joseph Vijay gifts the sunglasses he was wearing to an elderly woman, Chellam, who says, “I was surprised when he came and stood next to me. I told him how happy I was to see him, and he gifted me these sunglasses.”

