Last Updated:
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा समेत अन्य सांसदों के पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दिल्ली में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब आम आदमी पार्टी का मतलब ‘आम आदमी पार्टी’ नहीं रहा, बल्कि यह ‘अकेले अरविंद की पार्टी’ बन गई है.

एक दिन पूर्व राघव चड्ढा समेत ‘आप’ के तीन सांसद भाजपा में शामिल हो गए है.
नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा समेत अन्य सांसदों के पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. एनडीए के नेताओं ने इस घटनाक्रम पर खुशी जाहिर करते हुए आप पार्टी के नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दिल्ली में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब आम आदमी पार्टी का मतलब ‘आम आदमी पार्टी’ नहीं रहा, बल्कि यह ‘अकेले अरविंद की पार्टी’ बन गई है.
उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है. जो लोग अन्ना हजारे के आंदोलन से निकले थे, उन्होंने बदलाव का वादा किया था, लेकिन आज वे खुद बदल गए हैं. वीवीआईपी संस्कृति के खिलाफ बात करने वाले आज ‘शीश महल’ में रह रहे हैं. जनता को लगातार बेवकूफ बनाने का काम करते आ रहे हैं.
इसी मुद्दे पर पंजाब के मोहाली में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी आप पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने पार्टी के मूल आदर्शों को त्याग दिया है और कहा कि पंजाब में ‘सरकार के नाम पर माफिया राज’ चल रहा है. उन्होंने यह भी दावा किया कि अदालत ने भी केजरीवाल पर भ्रष्टाचार को लेकर टिप्पणी की है.
उन्होंने कहा कि आप पार्टी के नेता अब समझ गए हैं कि पार्टी में सही काम नहीं हो रहा है, इसीलिए वो छोड़ रहे हैं. आने वाले कुछ और दिनों में ये बिल्कुल खत्म हो जाएंगी. भाजपा के नेतृत्व पर सभी को विश्वास है. जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राघव चड्ढा के साथ पार्टी के भीतर किया गया व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है. चड्ढा एक भरोसेमंद रणनीतिकार थे और उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को उन्होंने प्रभावी ढंग से निभाया, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने उनकी अनदेखी की, जिसका परिणाम अब सामने आ रहा है.
तेजस्वी यादव के पश्चिम बंगाल दौरे पर भी राजीव रंजन ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अब सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में अपनी प्रासंगिकता खो चुकी है और तेजस्वी यादव को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा.
About the Author
करीब 20 साल का पत्रकारिता का अनुभव है. नेटवर्क 18 से जुड़ने से पहले कई अखबारों के नेशनल ब्यूरो में काम कर चुके हैं. रेलवे, एविएशन, रोड ट्रांसपोर्ट और एग्रीकल्चर जैसी महत्वपूर्ण बीट्स पर रिपोर्टिंग की. कैंब्रिज…और पढ़ें

