Last Updated:
Vijay Singh Gurjar IPS Success Story: आईपीएस विजय सिंह गुर्जर चर्चा में हैं. वह किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं और संस्कृत में शास्त्री की डिग्री हासिल की है. विजय सिंह गुर्जर ने दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल से आईपीएस अधिकारी बनने तक का सफर कैसे तय किया? जानिए उनकी सक्सेस स्टोरी.
Vijay Singh Gurjar IPS Story: यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में शामिल है. इसे पास करने के लिए लोग महंगी कोचिंग और सालों की तैयारी का सहारा लेते हैं. लेकिन कुछ कहानियां सिस्टम की हर दीवार को चीरकर बाहर आती हैं. राजस्थान के साधारण किसान परिवार में जन्मे विजय सिंह गुर्जर की कहानी कुछ ऐसी ही है. संस्कृत में ‘शास्त्री’ की डिग्री लेने वाले, दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल की नौकरी करने वाले और लगातार कई असफलताओं का सामना करने वाले विजय सिंह गुर्जर ने कभी हार नहीं मानी. अपनी मेहनत और अटूट लगन के दम पर उन्होंने न सिर्फ यूपीएससी क्रैक किया, बल्कि आज गुजरात कैडर के तेजतर्रार आईपीएस अफसर के तौर पर राजकोट ग्रामीण एसपी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
Vijay Singh Gurjar Biography: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छोटे से गांव देवीपुरा बणी के रहने वाले विजय सिंह गुर्जर का जन्म एक साधारण किसान परिवार में हुआ था. उनके पिता खेती-किसानी करते थे. विजय सिंह गुर्जर के घर की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी. इसके बावजूद उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई गांव के ही साधारण सरकारी स्कूल से पूरी की.
Vijay Singh Gurjar IPS Education: ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद परिवार की जिम्मेदारियां संभालना जरूरी था. साल 2010 में विजय सिंह गुर्जर ने दिल्ली पुलिस में बतौर कांस्टेबल ज्वॉइन किया. इसके बाद अपनी मेहनत के दम पर वे डिपार्टमेंटल परीक्षा पास कर दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (SI) बने. इसके बाद विजय सिंह गुर्जर ने सेंट्रल एक्साइज और इनकम टैक्स विभाग में भी सेवाएं दीं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
Vijay Singh Gurjar UPSC Story: विजय सिंह गुर्जर ने फुल टाइम जॉब के साथ-साथ यूपीएससी की तैयारी शुरू की. शुरुआती तीन सालों (2013 से 2015) तक वे प्रीलिम्स परीक्षा भी पास नहीं कर पाए. साल 2016 में इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन फाइनल लिस्ट में जगह नहीं बना सके. बार-बार मिल रही असफलताओं के बावजूद उनका हौसला कम नहीं हुआ.
Vijay Singh Gurjar UPSC Preparation: हिंदी माध्यम से पढ़ाई करने और बड़ी कोचिंग न होने के बावजूद विजय सिंह गुर्जर ने अपनी कमजोरियों को अपनी ताकत बनाया. उन्होंने नौकरी के बचे हुए समय, लंच ब्रेक और सफर के दौरान पढ़ाई जारी रखी. उनकी पत्नी और परिवार ने हर कदम पर उनका मानसिक संबल बढ़ाया.
Vijay Singh Gurjar UPSC Rank: आखिरकार साल 2017 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में विजय सिंह गुर्जर ने 574वीं रैंक हासिल की. वर्ष 2018 बैच के गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी के रूप में उनका चयन हुआ. उनके इस मुकाम ने साबित कर दिया कि लगन पक्की हो तो बैकग्राउंड कभी रुकावट नहीं बनता.
Vijay Singh Gurjar IPS Current Posting: वर्तमान में राजकोट ग्रामीण एसपी के रूप में तैनात आईपीएस विजय सिंह गुर्जर इन दिनों अपनी सख्त कार्यशैली और जनता के प्रति संवेदना के लिए चर्चा में हैं. उन्होंने सूदखोरों के चंगुल से किसानों को उनकी करोड़ों रुपये की जमीन कानूनी कार्रवाई कर वापस दिलवाई है. इससे किसानों के बीच उनका नाम चर्चा का विषय बन गया है.

