होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने सुरक्षा जांच नियमों में बदलाव करते हुए यात्रियों को जूते उतारने की अनिवार्यता खत्म कर दी है। गृह सुरक्षा सचिव किस्टी नोएम ने बताया कि ज्यादातर अमेरिकी अब जूते पहनकर यात्रा कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया सुव्यवस्थित होगी।

हालांकि, उन्होंने आगे कहा कि अगर हमें लगता है कि अतिरिक्त स्तर की जांच जरूरी है, तो यात्रियों से जूते उतारने के लिए कहा जा सकता है। अमेरिकी परिवहन सुरक्षा प्रशासन (TSA) ने लगभग दो दशकों से सुरक्षा जांच के दौरान अमेरिकी यात्रियों के लिए जूते उतारने को अनिवार्य कर रखा था। सीबीएस न्यूज के अनुसार, नई नीति मंगलवार से देशभर में लागू हो गई है और जिन हवाई अड्डों पर जूते उतारने की अनिवार्यता पहले ही हटा दी गई है, उनमें बाल्टीमोर, फोर्ट लॉडरडेल और पोर्टलैंड के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे शामिल हैं।
2006 में लागू हुआ था जूते उतारने का नियम
टीएसए ने अगस्त 2006 में इस नीति को लागू किया था, जिसके तहत यात्रियों को विस्फोटकों की जांच के लिए जूते उतारने पड़ते थे। यह फैसला 9/11 के घातक हमलों के लगभग 5 साल बाद आया था, जब एक ब्रिटिश व्यक्ति रिचर्ड रीड ने पेरिस से मियामी जा रही फ्लाइट में अपने एक जूते में बम को छिपा लिया था। इस नीति के तहत 12 से 75 वर्ष की आयु के यात्रियों को अपने जूते उतारने पड़ते थे, जिसकी जांच उनके बैग और बाहरी कपड़ों जैसी वस्तुओं के साथ की जाती थी।
स्क्रीनिंग को आसान बनाने पर काम
होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने कहा कि टीएसए अन्य नियमों और प्रक्रियाओं की समीक्षा करने की योजना बना रहा है ताकि यह देखा जा सके कि हवाई अड्डे पर स्क्रीनिंग को कैसे सरल और तेज बनाया जा सकता है। एजेंसी सैन्य कर्मियों और छोटे बच्चों वाले परिवारों के लिए अलग लेन का परीक्षण कर रही है और अगले छह से 8 महीनों में अन्य बदलावों पर भी काम शुरू करने की उम्मीद है।


