UP Chunav 2027 Final Date: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में अगले साल जनवरी में विधानसभा का चुनाव हो सकते हैं. बीते दो दिनों से नए साल यानी साल 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर चुनाव आयोग और राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है. अगर चुनाव आयोग जनवरी के पहले सप्ताह में तारीखों की घोषणा करता है, तो सवाल उठता है कि क्या कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच मतदान होगा? मतदान की टाइमिंग बढ़ाया जाएगा? यूपी के पिछले दो विधानसभा चुनावों में किस महीने वोटिंग हुए थे औऱ रिजल्ट कब आया था? साल 2017 और साल 2022 की बात करें तो कब चुनाव हुए थे?
इस बार चुनाव की तारीखों से जुड़ा एक अहम सवाल मौसम का भी है. अगर जनवरी में मतदान कराया जाता है तो क्या कड़ाके की ठंड, शीतलहर और कोहरे का असर वोटिंग पर पड़ेगा? क्या ठंड की वजह से मतदाता घरों से कम निकलेंगे या फिर गर्मी से राहत मिलने के कारण मतदान प्रतिशत बढ़ सकता है? और सबसे बड़ा सवाल- इसका राजनीतिक फायदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बीजेपी को मिलेगा या अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी को? इसका जवाब तलाशने के लिए 2017 और 2022 के यूपी विधानसभा चुनावों का रिकॉर्ड देखना जरूरी है. इन दोनों चुनावों में मतदान फरवरी और मार्च में हुआ था. दोनों बार सात चरणों में वोटिंग कराई गई थी, लेकिन मतदान प्रतिशत में मामूली अंतर रहा.
चुनाव आय़ोग जारी करने वाला है नोटिफिकेशन.
2017 और 2022 में कब-कब हुई थी वोटिंग?
यूपी में 2017 का विधानसभा चुनाव सात चरणों में कराया गया था. चुनाव आयोग ने 4 जनवरी 2017 को कार्यक्रम घोषित किया था. पहले चरण की वोटिंग 11 फरवरी को हुई, जबकि आखिरी चरण का मतदान 8 मार्च को कराया गया. सभी 403 सीटों पर सात चरणों में मतदान पूरा हुआ और 11 मार्च को नतीजे आए. उस चुनाव में बीजेपी ने 312 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी.
साल 2022 के चुनाव में क्या हुआ था?
2022 में भी चुनाव सात चरणों में ही हुए. चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 8 जनवरी को हुई थी. मतदान 10 फरवरी से शुरू होकर 7 मार्च तक चला. पहले चरण में पश्चिमी यूपी की 58 सीटों पर और आखिरी चरण में पूर्वांचल की 54 सीटों पर वोट डाले गए. 10 मार्च को नतीजे आए और बीजेपी ने 255 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की. साल 2017 में 61.11% औऱ साल 2022 में 61.03 प्रतिशत वोट डाले गए थे. इन आंकड़ों से साफ है कि दोनों चुनावों में मतदान प्रतिशत लगभग बराबर रहा. 2017 में 61.11 फीसदी और 2022 में 61.03 फीसदी वोटिंग हुई. यानी पांच साल के अंतराल में मतदान प्रतिशत में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया.
सीएम योगी बनाम अखिलेश यादव | यूपी चुनाव 2027 | कौन बनेगा यूपी का अगला सीएम
क्या भीषण ठंड में चुनाव कराना आसान होगा?
चुनाव आयोग के लिए जनवरी में चुनाव कराना कोई असाधारण बात नहीं होगी. आयोग का संवैधानिक दायित्व स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना है. मौसम को ध्यान में रखते हुए मतदान की तारीखें, समय और सुरक्षा इंतजाम तय किए जा सकते हैं. भारत में पहले भी सर्दियों के महीनों में चुनाव कराए गए हैं. 2022 में पांच राज्यों के चुनाव का कार्यक्रम 8 जनवरी को घोषित हुआ था, हालांकि यूपी में मतदान फरवरी और मार्च में हुआ था.
पश्चिमी यूपी में क्या होगा?
उत्तर प्रदेश में जनवरी के दौरान पश्चिमी हिस्सों में घना कोहरा और शीतलहर, जबकि पूर्वांचल और तराई के इलाकों में भी कड़ाके की ठंड चुनौती बन सकती है. सुबह के समय कम तापमान और कम दृश्यता के कारण बुजुर्गों, दिव्यांगों और दूर-दराज के मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मतदाताओं को परेशानी हो सकती है. हालांकि, ठंड का असर पूरे दिन एक जैसा नहीं रहता. दोपहर में धूप निकलने पर मतदान केंद्रों तक पहुंचना आसान हो सकता है. एक और बात ध्यान देने वाली है कि जनवरी के पहले सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम घोषित होने का मतलब यह नहीं है कि मतदान भी जनवरी में ही होगा. अगर कार्यक्रम जनवरी में घोषित होता है तो मतदान फरवरी-मार्च में भी कराया जा सकता है. 2017 और 2022 में भी जनवरी में कार्यक्रम घोषित हुआ था, लेकिन यूपी में वोटिंग फरवरी-मार्च में हुई थी.
2017 में जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब बीजेपी ने 312 सीटें जीतकर सत्ता हासिल की. 2022 में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री थे और बीजेपी ने 255 सीटों के साथ दोबारा सरकार बनाई. दोनों चुनावों में मतदान प्रतिशत करीब 61 फीसदी रहा. इससे साफ है कि मतदान प्रतिशत अकेले चुनावी नतीजों की भविष्यवाणी नहीं कर सकता.
यूपी चुनाव 2027 में क्या मायावती-अखिलेश फिर आएंगे एक साथ?
योगी बनाम अखिलेश 2027
अगर यूपी में जनवरी 2027 में मतदान होता है तो मौसम से ज्यादा महत्वपूर्ण दोनों प्रमुख राजनीतिक खेमों की तैयारी होगी. फिर भी ठंड और मतदान के समय का असर योगी और अखिलेश की रणनीति पर अलग-अलग तरीके से पड़ सकता है. समाजवादी पार्टी के लिए 2027 का चुनाव 2022 के प्रदर्शन से आगे बढ़ने का मौका होगा. 2022 में पार्टी ने 111 सीटें जीती थीं और बीजेपी को कड़ी चुनौती दी थी. अखिलेश यादव की रणनीति पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण के साथ युवाओं, किसानों और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को केंद्र में रखने की हो सकती है.
अगर चुनावी माहौल में सरकार के खिलाफ नाराजगी मजबूत होती है तो सपा उसे अपने पक्ष में वोट में बदलने की कोशिश करेगी. लेकिन इसके लिए पार्टी को सिर्फ राजनीतिक सभाओं और नारों पर निर्भर रहने के बजाय बूथ स्तर पर मतदाताओं को सक्रिय करना होगा. जनवरी की ठंड में अगर सुबह मतदान धीमा रहता है तो सपा के सामने भी अपने समर्थकों को दोपहर तक मतदान केंद्रों तक पहुंचाने की चुनौती होगी. खासकर ग्रामीण इलाकों में संगठन की सक्रियता और गठबंधन के सहयोगियों के बीच तालमेल निर्णायक हो सकता है.
जनवरी में चुनाव होने से योगी आदित्यनाथ या अखिलेश यादव में से किसी एक को अपने आप फायदा मिलने का दावा नहीं किया जा सकता. 2017 और 2022 के चुनाव बताते हैं कि करीब-करीब समान मतदान प्रतिशत के बावजूद नतीजे अलग रहे. इसलिए 2027 में असली मुकाबला मौसम से ज्यादा राजनीतिक लामबंदी, उम्मीदवारों, सामाजिक समीकरणों और बूथ मैनेजमेंट का होगा.

