Last Updated:
Train Reservation Rule : भारतीय रेलवे ने चलती ट्रेन में वेटिंग और आरएसी टिकट कंनर्फ करने की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑटोमेटिक करने की तैयारियां शुरू कर दी है. इसके बाद खाली सीटों की जानकारी के लिए यात्रियों को टीटीई के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे.
रेलवे ऑटोमेटिक टिकट कंफर्म करने का सिस्टम लागू करने वाला है.
नई दिल्ली. त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है और हर साल की तरह एक बार फिर अपने घर लौटने वालों के लिए ट्रेन में सीट मिलना दूभर होने वाला है. लेकिन, इस बार सरकार ने पहले से ही इस समस्या का हल खोज लिया है. अब आपको टिकट वेटिंग या आरएसी रह जाने पर टीटीई के चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी. रेलवे इस तरह की ऑटोमेटिक व्यवस्था करने जा रहा है कि सीट खाली रह जाने पर अपने आप ही टिकट कंफर्म हो जाएगी और आपके पास मैसेज से सूचना भी पहुंच जाएगी.
भारतीय रेलवे ने ट्रेन में सफर करने वालों को बड़ी सुविधा शुरू करने का मन बनाया है. खासकर ऐसे यात्री जिनका टिकट वेटिंग या आरएसी रह जाता है और वे चलती ट्रेन में यह पता नहीं कर पाते कि कौन सी बोगी में कौन सी सीट खाली हुई है. अभी चलती ट्रेन में सीट पता करने के लिए टीटीई पर निर्भर रहना पड़ता है और कई बार सीटें खाली रह जाने पर भी सही यात्री को नहीं मिल पाती है. यात्रियों को इस असुविधा से बचाने के लिए रेलवे हैंडहेल्ड टर्मिनल यानी एचएचटी सिस्टम शुरू करने पर काम कर रहा है. इस सिस्टम से ट्रेनों में सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी तरह ऑटोमेटिक हो जाएगी.
कैसे काम करेगा रेलवे का नया सिस्टम
ट्रेनों के साथ चलने वाले टीटीई के पास एचएचटी डिवाइस होता है, जिस पर वे ऑनबोर्ड यात्रियों की डिटेल डालते हैं. जब कोई रिजर्व सीट वाला यात्री नहीं आता तो उसकी सीट को खाली टिक करना पड़ता है. अभी इन सीटों की जानकारी टीटीई को होती है और वे अपनी मर्जी से यात्रियों को अलॉट करते हैं. लेकिन, ऑटोमेटिक सिस्टम लागू होने के बाद सीट खाली होते ही वरीतया क्रम में आरएसी और वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को उसका आवंटन हो जाएगा. जैसे ही किसी यात्री को बर्थ का आवंटन होगा, उसे मैसेज भेजकर इसकी जानकारी दे दी जाएगी.
देख सकेंगे बर्थ की लाइव स्थिति
रेलवे का नया सिस्टम लागू होने के बाद यात्री चलती ट्रेन में भी खाली हुई बर्थ की लाइव स्थिति देख सकेंगे. अभी खाली सीट की जानकारी के लिए टीटीई के चक्कर काटने पड़ते हैं. लेकिन ऑटोमेटिक सिस्टम होने के बाद मैनुअल हस्तक्षेप बंद हो जाएगा और यात्रियों को अपने आप खाली सीट का आवंटन कर दिया जाएगा. रेलवे ने अभी मुंबई से बिहार आने वाली ट्रेनों में इसे लागू किया है, जल्द ही देशभर में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
और पढ़ें

