नई दिल्ली. जियो प्लेटफॉर्म आईपीओ की धूम के बीच एक ऐसी कंपनी ने बाजार में कदम रखा, जिसने लिस्टिंग के पहले ही दिन अपने निवेशकों हर स्टॉक पर 460 रुपये का मुनाफा दिया है. टोंबो इमैजिंग इंडिया (Tonbo Imaging India) ने बाजार में जबरदस्त दस्तक दी और अपने प्राइस से 66 फीसदी ज्यादा रिटर्न दिया है. कंपनी का स्टॉक 23 अक्टूबर को शेयर बाजार में लिस्ट हुआ है. कंपनी का आईपीओ 700 रुपये के भाव था, जो 1,160 रुपये के भाव पर लिस्ट हुआ है.
कंपनी की ओर से शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया गया है कि एनएसई पर Tonbo Imaging India के शेयर 1,160 रुपये के भाव पर लिस्ट हुआ. यह आईपीओ प्राइस से 65.71 फीसदी ज्यादा है. बीएसई पर भी कंपनी का शेयर 1,162 रुपये के भाव पर लिस्ट हुआ, जो इश्यू प्राइस से 66 फीसदी ऊपर है. शेयर बाजार में दस्तक देते ही कंपनी का मार्केट कैप भी चढ़कर 6,656.18 करोड़ रुपये पहुंच गया है. कंपनी का आईपीओ ग्रे मार्केट के अनुमान के हिसाब से ही लिस्ट हुआ है.
जीएमपी ने दिया था जबरदस्त संकेत
Tonbo Imaging India के शेयरों का जीएमपी 65 फीसदी चढ़ा दिखा रहा था और कंपनी का आईपीओ लगभग इतना ही उछाल के साथ लिस्ट भी हुआ है. कंपनी ने 852 करोड़ का आईपीओ उतारा था, जो 19 अक्टूबर को सब्सक्राइब हुआ है. एनएसई के अनुसार, कंपनी ने आईपीओ के तहत 85,26,033 शेयर बाजार में उतारे थे, जबकि उसे 1,15,86,91,464 शेयरों के लिए बोली मिली थी. यह आईपीओ साइज का करीब 135.9 गुना ज्यादा है.
सभी कैटेगरी में जबरदस्त डिमांड
इस आईपीओ की हर कैटेगरी में जबरदस्त डिमांड दिखी है. क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का पोर्शन 293.56 गुना भर गया था, जबकि गैर संस्थागत निवेशकों का हिस्सा 170.94 गुना सब्सक्राइब हो गया है. इतना ही नहीं, खुदरा निवेशकों का पोर्शन भी 31 गुना सब्सक्राइब हुआ था. कंपनी ने अपने आईपीओ का प्राइस बैंड 665 से 700 रुपये तय किया था. आईपीओ के एक लॉट में 21 शेयर हैं, जिसमें न्यूनतम निवेश 14,700 रुपये रहा था.
फ्रेश इश्यू में नहीं था आईपीओ
कंपनी का आईपीओ ऑफर फॉर सेल मॉडल पर था और इसमें फ्रेश इश्यू जारी नहीं किया गया है. ओएफएस के तहत 1,21,74,046 इक्विटी शेयर उतारे गए थे, जिसकी कीमत 852.18 करोड़ रुपये थी. लिस्टिंग से पहले कंपनी का मार्केट कैप करीब 4,010 करोड़ रुपये रहा था. लिस्टिंग के बाद मार्केट कैप बढ़कर डेढ़ गुना से भी ज्यादा हो गया है.
शेयर खरीदें, बेचें या होल्ड करें
कांतिलाल छगनलाल सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट महेश एम ओझा का कहना है कि कंपनी के प्रोडक्ट की डिमांड को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले समय में इसका कारोबार और बढ़ने की उम्मीद है. लिहाजा स्टॉक को खरीदा और होल्ड किया जा सकता है. पॉकेटफुल के फाउंडर सर्वम गोयल ने भी निवेशकों को सलाह दी है कि अगर उन्हें शेयरों का अलॉटमेंट हो जाता है तो उसे लंबे समय के लिए होल्ड कर सकते हैं. हालांकि, जिन्हें आईपीओ में शेयर नहीं मिले वह भी शुरुआती भाव पर इसके शेयर खरीद सकते हैं.

