उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार 3 जनवरी को उत्तर भारत के बड़े हिस्से में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रहेगी. खास तौर पर दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार में लोगों को
कड़ाके की ठंड से सतर्क रहने की जरूरत है. दरअसल पश्चिमी विक्षोभ के असर और उत्तर भारत में सक्रिय पछुआ हवाओं के चलते मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है.
दिल्ली में साफ रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो 3 जनवरी को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, लेकिन सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है. कुछ इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका है. मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह और देर रात ठंड का असर और तेज होगा. वहीं अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है. दिल्ली,
हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे और शीत लहर की स्थिति भी बन सकती है.
यूपी-बिहार में कोल्ड डे की मार
उत्तर प्रदेश में 3 जनवरी को पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा. पश्चिमी यूपी में रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में भी कई जगहों पर घना कोहरा रहेगा. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है, यानी दिन के तापमान में खास बढ़ोतरी नहीं होगी और ठंड पूरे दिन बनी रहेगी. खासकर खुले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा सकता है.
बिहार में भी 3 जनवरी को मौसम ठंडा और कोहरे भरा रहने का अनुमान है. राज्य के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होगा. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में बिहार के कुछ हिस्सों में ठंडे दिन की स्थिति भी देखने को मिल सकती है. न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है, जिससे लोगों को अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ेगा.
बाकी राज्यों का कैसा हाल?
देश के बाकी हिस्सों को देखें तो पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 7 जनवरी तक कई जगहों पर घना से बहुत घना कोहरा रहेगा.
ओडिशा में 6 जनवरी तक, जम्मू डिवीजन और उत्तरी मध्य प्रदेश में 6 जनवरी तक, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 7 जनवरी तक, असम-मेघालय और पूर्वोत्तर राज्यों में 7 जनवरी तक अलग-अलग जगहों पर घना कोहरा.
इसके अलावा राजस्थान में 3-4 जनवरी, छत्तीसगढ़ में 3 जनवरी, पश्चिम बंगाल-सिक्किम में 3-4 जनवरी, झारखंड में 5 जनवरी तक घना कोहरा रह सकता है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश और हिमाचल में आज, बिहार में 4-5 जनवरी तक अलग-अलग जगहों पर कोल्ड डे की स्थिति देखने को मिल सकती है.
2 राज्यों में बारिश की संभावना
वहीं
तमिलनाडु और पुडुचेरी में अलग-अलग जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. श्रीलंका तट, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में 35-45 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 55 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं.
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, जरूरी होने पर ही यात्रा करें और ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम रखें. किसानों को भी सुबह के समय खेतों में काम करते वक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई है. कुल मिलाकर 3 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार में ठंड और कोहरे का असर बना रहेगा और राहत की उम्मीद फिलहाल कम दिखाई दे रही है.