वॉशिंगटन: अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने 26/11 मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा की याचिका खारिज कर दी है। राणा ने अपनी याचिका में कहा था कि उसे भारत प्रत्यर्पित ना किया जाए। अपना प्रत्यपर्ण रोकने की मांग करते हुए राणा ने कोर्ट में इमरजेंसी अपील की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। राणा ने अपनी अर्जी में कहा था कि पाकिस्तानी मूल का मुस्लिम होने के कारण भारत में उसे यातना दी जाएगी। राणा पाक मूल का कनाडाई नागरिक है। उस पर मुंबई हमलों में शामिल होने का आरोप है। वह भारत में मोस्ट वॉन्टेड है।तहव्वुर राणा ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में दायर अपनी याचिका में दलील दी थी कि उसे भारत को सौंपना अमेरिकी कानून और संयुक्त राष्ट्र के यातना विरोधी समझौते का उल्लंघन है। याचिका में कहा गया था कि मुंबई हमलों के आरोपी और पाकिस्तानी मूल के एक मुस्लिम के तौर पर भारत में यातना का खतरा और भी बढ़ जाता है।
राणा ने अपनी गंभीर बीमारियों का हवाला भी कोर्ट में दिया था। उसने बताया कि उसे पार्किंसंस रोग, मूत्राशय कैंसर, किडनी की बीमारी और अस्थमा है। उसे कई बार COVID-19 संक्रमण से भी जूझना पड़ा है। ऐसे में उसे भारत को ना सौंपा जाए। बीमारी और भारतीय जेलों की खराब स्थिति की वजह से उसकी तबीयत बिगड़ सकती है।

