स्वीटी ने कहा कि उन्होंने लव मैरिज की थी। यही कारण था कि उन्हें यह सब सहन करना पड़ा। उनके परिवार में पहले किसी का रिश्ता नहीं टूटा था, इसलिए उन्होंने चुपचाप सब कुछ सहा। जब उन्होंने अपने परिवार को मारपीट के बारे में बताया, तो उन्हें यह जवाब मिला कि तूने ही ढूंढा है, अब तू ही देख। स्वीटी ने यह भी आरोप लगाया कि दीपक ने उन्हें 5-5 दिन तक घर में बंद रखा था और उनका घर से बाहर निकलना मना कर दिया था। उनकी गाड़ी भी दीपक ने अपने कब्जे में ले ली थी। स्वीटी का कहना था कि वह 14वीं मंजिल पर रहती थीं और जब वह नीचे उतरती थीं, तो दीपक पहले से घर पहुंच जाता था। दीपक उनका फोन भी स्कैन करता था और तय करता था कि वह किससे कितनी देर बात करेंगी।
कब शुरू हुआ विवाद
यह मामला 15 मार्च का है, जब स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा हिसार के महिला थाने पहुंचे थे। यहां स्वीटी ने दीपक से मारपीट की थी। इस घटना का वीडियो 24 मार्च को सामने आया था, जिसके बाद स्वीटी ने सोशल मीडिया पर सफाई दी। स्वीटी ने कहा कि दीपक उन्हें फोन में कुछ दिखाने के लिए अपने पास बुला रहे थे। वीडियो के शुरू और अंत के हिस्से में दीपक उन्हें अपशब्द कह रहे थे। स्वीटी का कहना था कि वीडियो के उस हिस्से को गायब कर दिया गया था, जिसमें वह पैनिक अटैक का शिकार हो रही थीं।
हिसार एसपी पर भी लगाए थे आरोप
स्वीटी ने यह भी आरोप लगाया कि थाने का वीडियो सार्वजनिक होने से यह साबित होता है कि इस केस में दीपक के साथ हिसार के एसपी भी शामिल हैं। बता दें कि स्वीटी बूरा एक जानी-मानी बॉक्सिंग चैंपियन हैं और उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वहीं, दीपक हुड्डा एक कबड्डी खिलाड़ी हैं। दोनों की शादी कुछ साल पहले हुई थी।

