Last Updated:
Abu Azmi News: सपा विधायक अबू आजमी ने औरंगजेब की तारीफ की, जिससे विवाद बढ़ गया. उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई, विधानसभा से निलंबित कर दिया गया और परिसर में प्रवेश पर भी पाबंदी लगाई गई.
इस सत्र के दौरान अबू आसिम आजमी के विधानसभा परिसर में घुसने पर भी पाबंदी रहेगी.
हाइलाइट्स
- अबू आजमी ने औरंगजेब की तारीफ की, विवाद बढ़ा.
- आजमी के खिलाफ FIR दर्ज, विधानसभा से निलंबित.
- विधानसभा परिसर में आजमी की एंट्री पर भी बैन.
मुंबई. मुगल शासक औरंगजेब की तारीफ करने वाले सपा विधायक अबू आजमी बहुत बुरी तरह से फंस गए हैं. ये कहा जाए कि औरंगजेब पर बयान देने के बाद से ही उनका बुरा वक्त शुरू हो गया है तो कुछ गलत नहीं होगा. क्योंकि इस बयान के बाद से पहले उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई और इसके बाद भी यह मामला थमा नहीं. विधानसभा की कार्यवाही से भी उन्हें पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया. पर अब उनकी एंट्री पर भी बैन लग गया है. कहां लगा है ये बैन और क्यों आप भी जान लें.
महाराष्ट्र के संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने सदन के पटल पर अबू आजमी के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया, जिसे सदन ने पारित कर दिया. बताया जा रहा है कि इस सत्र के दौरान अबू आसिम आजमी के विधानसभा परिसर में घुसने पर भी पाबंदी रहेगी. इससे पहले मंगलवार को अबू आजमी के औरंगजेब की तारीफ वाले बयान का मुद्दा महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों में गूंजा. उनके इस बयान को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति के सदस्यों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और आजमी को विधानसभा से निलंबित करने की मांग की थी. इसके साथ ही, उनके खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज करने की भी मांग की गई.
निलंबन के बाद क्या बोले आजमी?
विधानसभा से निलंबन के बाद अबू आजमी ने कहा है कि मुझे अभी जानकारी मिली कि मुझे सस्पेंड कर दिया गया है, जो मैने बोला था, उस पर मैने पहले ही अपन बयान वापस ले लिया है. पर अभी भी बोलूंगा कि जो भी इतिहास और किताबों में लिखा है वहीं मैने बोला है. अब जिसमे कितन लिखी है उस पर कोई कार्रवाई होगी क्या? मुझे अंजान नंबर से फोन आ रहे है, लोग गाली दे रहे है, धमकी दे रहे हैं. योगी जी और महाराष्ट्र में नेता का राज है, वो लोग डिक्टेटर बने हुए है. उन्होंने कहा कि रद्द कर दो मेरी सदस्यता, हम फिर लड़ेंगे. मेरे बेटे का गोवा में छोटा सा विवाद हो गया था, कोई बंदूक नहीं निकाली थी उसने, कोई मामला दर्ज नहीं है.
बयान पर क्या दी थी सफाई?
समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबू आजमी ने औरंगजेब वाले बयान पर सफाई भी दी. उन्होंने कहा कि उनके शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मेरे शब्दों को तोड़-मरोड़कर दिखाया गया है. औरंगजेब रहमतुल्लाह अलेह के बारे में मैंने वही कहा है, जो इतिहासकारों और लेखकों ने कहा है. मैंने छत्रपति शिवाजी महाराज, संभाजी महाराज या अन्य किसी भी महापुरुषों के बारे में कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं की है लेकिन, फिर भी मेरी इस बात से कोई आहत हुआ है तो मैं अपने शब्द, अपना स्टेटमेंट वापस लेता हूं.
दरअसल, सोमवार को सपा नेता अबू आजमी ने मुगल शासक औरंगजेब की तारीफ की थी. अबू आजमी ने कहा था, “औरंगजेब इंसाफ पसंद बादशाह था. उसके कार्यकाल में ही भारत सोने की चिड़िया बना. मैं औरंगजेब को क्रूर शासक नहीं मानता हूं. औरंगजेब के समय में राजकाज की लड़ाई थी, धर्म की नहीं थी, हिंदू-मुसलमान की लड़ाई नहीं थी. औरंगजेब ने अपने कार्यकाल में कई हिंदू मंदिरों का निर्माण करवाया. औरंगजेब को लेकर गलत इतिहास दिखाया जा रहा है.
Mumbai,Maharashtra
March 05, 2025, 16:18 IST

