सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
दरअसल, सिवान जिले में एक ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो जीरादेई थाना क्षेत्र का है। इस वीडियो में बार बालाएं भोजपुरी गानों पर नाच रही हैं। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि इस कार्यक्रम में पुलिस की वर्दी पहने दो कर्मचारी भी मौजूद थे। इनमें से एक दारोगा है। दूसरा 112 नंबर की आपातकालीन सेवा में ड्राइवर है।
डांस का आनंद ले रहे दारोगा और सिपाही
वीडियो में दारोगा अपनी वर्दी में कमर पर पिस्टल लगाए स्टेज के पास बैठा है। 112 सेवा का ड्राइवर भी वर्दी में उसके साथ है। वे दोनों डांस का आनंद ले रहे हैं। वायरल वीडियो में वे महिला डांसरों के साथ ठुमके लगाते और मोबाइल से वीडियो बनाते हुए भी दिख रहे हैं। यह सब तब हो रहा था, जब मंच पर बार बालाएं भोजपुरी गानों पर नाच रही थीं।
गुस्से में हैं लोग
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग गुस्सा हैं। लोग पुलिस प्रशासन की नैतिकता पर सवाल उठा रहे हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस वीडियो पर अपनी नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि जब रक्षक ही कानून तोड़ने वालों का साथ दें, तो समाज में व्यवस्था और मर्यादा कैसे कायम रहेगी। अब यह वीडियो पुलिस विभाग के लिए शर्मिंदगी का कारण बन गया है।

