Last Updated:
Viral Kanwariya Ramfal wish: सावन कांवड़ यात्रा में 60 साल के कांवड़िए रामफल की अनोखी मनौती काफी वायरल हो रही है. वे भोले बाबा से अगले जन्म में भी कुंवारा रहने की प्रार्थना कर रहे हैं. इस मनोकामना की उन्होंने वजह भी बताई है.
सावन कांवड़ यात्रा में 60 साल के कांवड़िए रामफल की मनोकामना काफी वायरल हो रही है.
सावन के महीने में कांवड़ यात्रा जोर-शोर से चल रही है. इसी बीच 60 साल के कांवड़िए रामफल काफी वायरल हो रहे हैं. उनकी भोले बाबा से मांगी गई अनोखी मनौती लोगों को काफी पसंद आ रही है. आमतौर पर कांवड़ लाने वाले लोग भोलेबाबा से घर-परिवार की सुख-शांति, धन-संपत्ति और संतानों का स्वास्थ्य मांगते हैं, लेकिन रामफल भगवान शिव से मांग रहे हैं कि उनकी कभी शादी न हो और वे हमेशा कुंवारे रहें.
कांवड़िए रामफल कहते हैं कि जिस तरह इस जन्म में उनकी शादी नहीं हुई, उसी तरह वे अगले ही नहीं बल्कि हर जन्म में चाहते हैं कि उनकी शादी न हो और वे कुंवारे ही रहें. कुछ लोग कांवड़िए रामफल की बातों को मौज-मस्ती में लेते हैं और उनकी मनौती सुनकर हंसते भी हैं, लेकिन रामफल की इस मनोकामना के पीछे काफी गहरी चिंता छुपी हुई है.
हरियाणा के झज्जर जिले के अंबोली गांव के रहने वाले रामफल पेशे से किसान हैं और खेतों में जमकर पसीना बहाते हैं. वे हमेशा से गांव में ही रहे हैं और वहीं अपना जीवन-यापन कर रहे हैं. उनके घर में बाकी पर परिजन भी हैं लेकिन उनकी शादी नहीं हुई है और न ही पत्नी है न बच्चे.
रामफल कहते हैं, ‘ मैं 23 साल से लगातार कांवड़ यात्रा पर जा रहा हूं और भोलेनाथ पर जल चढ़ा रहा हूं. हर बार मैं भगवान से यही मांगता हूं कि मुझे कुंवारा ही रखना, अगले जन्म में भी मेरी शादी न हो. अपने आसपास रोजाना पति-पत्नी के झगड़ों, आजकल हो रही हत्याओं की खबरें देखकर मन बहुत परेशान रहता है. परिवार के नाम पर हो रही इस मारकाट से भगवान बचाए रखे. इसलिए मैं भोलेनाथ से प्रार्थना करता हूं कि जैसे इस जन्म में अविवाहित रहा, वैसे ही अगले जन्म में भी अविवाहित ही रहूं.”
वे कहते हैं कि कांवड़ लाना उनका शौक ही नहीं उनकी भक्ति का एक तरीका है. आज 60 की उम्र में भी वे युवाओं की तरह जोश में कांवड़ लेकर चलते हैं और हरिद्वार से गंगाजल लाकर शिव मंदिर में चढ़ाते हैं. हालांकि वे युवाओं, अपने घर के बच्चों और आसपास के बच्चों को खूब प्यार करते हैं और उनके साथ रहने में अच्छा महसूस करते हैं. रामफल कहते हैं कि जब तक सांस चलेगी, तब तक भोलेनाथ की कांवड़ लाते रहेंगे.
About the Author
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …
और पढ़ें

