शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं. सुप्रीम कोर्ट ने चीफ जस्टिस सूर्यकांत (CJI Surya Kant ) और न्यायपालिका के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों से जुड़े अवमानना मामले में राउत को कड़ी नसीहत दी है. अदालत ने उनके माफीनामे पर विचार करते हुए कहा कि इतने गंभीर मामले में माफी दिल से मांगी जानी चाहिए, केवल दिमाग से नहीं. कोर्ट ने यह भी याद दिलाया कि राउत एक अनुभवी नेता और लंबे समय से सांसद हैं, इसलिए उन्हें सार्वजनिक जीवन में अपनी बात रखने की मर्यादा और संयम का महत्व समझना चाहिए.
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पांचोली की बेंच सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की ओर से दायर आपराधिक अवमानना याचिका पर सुनवाई कर रही थी. यह याचिका पत्रकार निखिल वागले और संजय राउत के खिलाफ सीजेआई सूर्यकांत और न्यायपालिका को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में दाखिल की गई है.
‘माफी के बाद भी सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ पोस्ट’
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और वरिष्ठ वकील प्रदीप राय ने संजय राउत के व्यवहार पर गंभीर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि राउत ने अपनी टिप्पणियों के लिए माफी तो मांग ली है, लेकिन इसके बाद भी सोशल मीडिया पर सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ पोस्ट की गईं.
प्रदीप राय ने अदालत को बताया कि राउत ने सोशल मीडिया पर अल्बानिया के सुप्रीम कोर्ट की एक तस्वीर भी साझा की थी, जिसमें प्रदर्शनकारी अदालत की इमारत को आग लगाते दिखाई दे रहे हैं. SCBA अध्यक्ष के मुताबिक, राउत ने अपने हलफनामे में अपनी बाद की सोशल मीडिया पोस्ट का कोई जिक्र नहीं किया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि राउत का यह व्यवहार बार-बार सामने आया है और उन्हें ‘आदतन अपराधी’ बताया. प्रदीप राय ने कहा कि संजय राउत एक सम्मानित सार्वजनिक पद पर हैं, इसलिए उनसे जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की अपेक्षा की जाती है. उन्होंने अदालत से इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की.
‘संजय राउत को कैंसर और दिल की बीमारी’
सुनवाई के दौरान संजय राउत की ओर से पेश वकील ने अदालत को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में भी बताया. वकील ने कहा कि राउत कैंसर और दिल से जुड़ी बीमारी से पीड़ित हैं.
‘आप अनुभवी नेता हैं, संयम का महत्व पता होना चाहिए’
सुनवाई के दौरान जस्टिस अरविंद कुमार ने संजय राउत को उनके सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक अनुभव की याद दिलाई. उन्होंने कहा कि राउत एक अनुभवी नेता हैं. जब वे खुद वकालत करते थे, तब से राउत के भाषण सुनते आ रहे हैं. वह लंबे समय से सांसद हैं और पत्रकारिता से भी जुड़े रहे हैं.
जस्टिस कुमार ने कहा कि ऐसे में राउत को अच्छी तरह पता होना चाहिए कि सार्वजनिक रूप से बोलते समय किस तरह की मर्यादा और संयम बरतना चाहिए. अदालत ने उनके माफीनामे को भी देखा, लेकिन सुनवाई के दौरान यह सवाल उठा कि क्या माफी के बाद भी सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट की गईं, जो न्यायपालिका के प्रति आपत्तिजनक मानी जा सकती हैं.
8 दिसंबर को अगली सुनवाई, निखिल वागले भी होंगे पेश
इसके बाद अदालत ने संजय राउत और पत्रकार निखिल वागले दोनों को बेहतर हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है. पीठ ने दोनों को अगली सुनवाई पर व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने को भी कहा है.
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 8 दिसंबर के लिए तय की है. अदालत ने संजय राउत और निखिल वागले को उस दिन खुद उपस्थित रहने का निर्देश दिया है. दोनों को अपने पक्ष में बेहतर हलफनामा दाखिल करने का भी मौका दिया गया है.

