डोनाल्ड ट्रंप को झटका!
यूक्रेन में युद्ध रोकने में असफल रहना ट्रंप के सपने के टूटने जैसा होगा। डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव से समय से ही इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने अमेरिका का प्रेसीडेंट बनने के बाद 24 घंटे में युद्ध रोकने की बात कही थी लेकिन रूस और यूक्रेन के नेताओं से लगातार संपर्क साधने के बावजूद वह अभी तक लड़ाई नहीं रोक सके हैं। ट्रंप की तमाम कोशिशों को बावजूद यूक्रेन में जंग जारी है। ऐसे में उनकी हताशा बढ़ती दिख रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने जनवरी में पद संभालने के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की पर सख्त रुख अपनाया था। दोनों के बीच वाइठ हाउस में कहासुनी तक हो गई थी। हालांकि बीते कुछ दिन से डोनाल्ड ट्रंप रूस पर सख्त दिख रहे हैं। हाल ही में यूक्रेनी शहर सुमी पर रूस के बैलिस्टिक मिसाइल हमले पर ट्रंप ने सख्त बयान दिया था। उन्होंने इस हमले को रूस की गलती कहा था, जिसमें 34 लोग मारे गए।
डोनाल्ड ट्रंप ने रूस पर यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए सीजफायर समझौते में बाधा डालने का आरोप लगाया है। ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि रूस सीजफायर की कोशिशों में बाधा डालेगा तो रूसी तेल पर 25 से 50 प्रतिशत सेकेंडरी टैरिफ लगा देंगे। इस तल्खी के बाद ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति पुतिन की बैठक की उम्मीदें भी कम होती जा रही हैं।

