रंगदारी के मामले में खगौल थाने में दर्ज है केस
दानापुर के एएसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि विधायक रीतलाल यादव के खिलाफ खगौल थाने में रंगदारी से जुड़ा मामला दर्ज है। कोर्ट के निर्देश पर छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में पटना पुलिस, स्थानीय पुलिस और एसटीएफ के लगभग 200 अधिकारी और जवान शामिल हैं।
विधायक के घर से कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त
पुलिस ने छापेमारी के दौरान विधायक के आवास से नकदी और चेक के अलावा कई लोगों की जमीन से संबंधित कागजात, 6 पेन ड्राइव, वॉकी-टॉकी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी प्रकार का हथियार बरामद नहीं हुआ है।
ड्रोन से निगरानी, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरे से पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। आसपास के लोगों की नजरें भी लगातार इस कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
पुलिस जांच जारी, बरामद सामग्री की हो रही जांच-पड़ताल
पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री का रंगदारी मामले से क्या संबंध है, यह जांच का विषय है। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और पुलिस जल्द ही पूरे मामले पर विस्तृत जानकारी साझा करेगी।

