दोनों हैं नाबालिग
दरअसल, यह मामला तब प्रकाश में आया जब लड़की का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में लड़की कह रही है कि उसे किसी ने जबरदस्ती नहीं भगाया है। वह अपनी मर्जी से घर से निकली है। एक दूसरे वीडियो में, वह लड़के से अपनी मांग में सिंदूर भरवाती भी दिख रही है। दोनों परिवारों के अनुसार, लड़का और लड़की दोनों ही नाबालिग हैं।
लड़के के परिवार पर एफआईआर
लड़की के घरवालों ने लड़के और उसके चाचा समेत कुछ लोगों पर अपहरण का मामला दर्ज कराया है। लड़की के पिता संजय यादव का कहना है कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। वहीं दूसरी तरफ, लड़के के चाचा और वार्ड पंच श्रवण कुमार यादव ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि दोनों एक दूसरे को स्कूल लाइफ से ही जानते थे। दोनों ने पहले ही शादी कर ली थी और वीडियो बनाकर अपने पास रख लिया था। 15 फरवरी को मौका पाकर लड़की घर से भागकर लड़के के पास पहुंच गई और फिर दोनों भाग निकले।
लड़के के चाचा ने की जांच की मांग
श्रवण कुमार यादव का दावा है कि इस पूरे मामले में उनकी कोई भूमिका नहीं है और उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। वह मेरे भाई का लड़का है, परिवार के पीठ पीछे लड़का क्या करता है इसकी जानकारी किसी को नहीं रहती है। उन्होंने आगे कहा कि लड़की के परिजनों के द्वारा मेरे ऊपर जो FIR में नाम डलवाया गया है, जो पूरी तरह से झूठा है। मैं इस पूरे मामले में निर्दोष हूं। मुझे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। लड़की के परिजनों के द्वारा लगातार धमकियां मिल रही हैं। श्रवण कुमार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
क्या कह रही लड़की
वहीं, इस मामले में लड़की के 16 सेकंड के वीडियो ने एक नया मोड़ ला दिया है। इस वीडियो में वह साफ तौर पर कह रही है कि मेरे साथ कोई जोर जबरदस्ती नहीं की गई है। मैं अपने घर पर थी, मेरे साथ मारपीट किया गया। इसीलिए हम चले आए। मुझे कोई लाने नहीं गया था। मैं खुद अपने मर्जी से घर से भागकर लड़के के पास आई हूं। हालांकि, दोनों नाबालिग होने के कारण यह मामला और भी पेचीदा हो गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

