चुनाव वाले राज्यों और क्षेत्रों में यह फैसला बाद में होगा लागू
ओएमसी ने इंट्रा-स्टेट फ्रेट रेशनलाइजेशन करने का भी फैसला किया है। इससे भी दूर-दराज के इलाकों में पेट्रोल और डीजल सस्ता मिलेगा। हालांकि, चुनाव वाले राज्यों और क्षेत्रों में यह फैसला बाद में लागू होगा।
पुरी ने कहा कि यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन को दर्शाता है जिसके तहत वह देश के दूर-दराज के इलाकों को भी बाकी हिस्सों के बराबर लाना चाहते हैं। इसका उदाहरण पूर्वोत्तर क्षेत्र है जहां सड़क, हवाई और रेलवे का विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है।
इस फैसले से ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कुननपल्ली और कालीमेला में पेट्रोल और डीजल के दाम कम हो जाएंगे। कुननपल्ली में पेट्रोल ₹4.69 और डीजल ₹4.45 सस्ता होगा। वहीं, कालीमेला में पेट्रोल ₹4.55 और डीजल ₹4.32 सस्ता होगा।
छत्तीसगढ़ के सुकमा में 2.09 रुपये सस्ता होगा पेट्रोल
इसी तरह छत्तीसगढ़ के सुकमा में पेट्रोल 2.09 रुपये और डीजल 2.02 रुपये सस्ता होगा। डीलर कमीशन बढ़ने से लगभग 7 करोड़ लोगों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी। ये लोग रोजाना देशभर में मौजूद पेट्रोल पंपों पर जाते हैं।
पेट्रोलियम मंत्री ने यह भी साफ किया कि डीलर कमीशन बढ़ने से ईंधन की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। पिछले 7 साल से लंबित इस मांग के पूरा होने से पेट्रोल पंप डीलरों और कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे हैं। देशभर में 83,000 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर लगभग 10 लाख कर्मचारी काम करते हैं।

