Last Updated:
Sharad Pawar Delimitation Bill: शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि जब तक सरकार प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का ड्राफ्ट जारी नहीं करती और संसद के आगामी विशेष सत्र का एजेंडा साझा नहीं करती, तब तक वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकतीं. केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है. ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि सरकार एक संशोधित परिसीमन विधेयक पेश कर सकती है.
कांग्रेस को भरोसा है कि शरद पवार की एनसीपी विपक्ष की बैठक में शामिल होगी. (फाइल फोटो)
Sharad Pawar Delimitation Bill: परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ब्लॉक में दरार की खबरें सामने आ रही हैं. इस बीच कांग्रेस सूत्रों ने उम्मीद जताई है कि शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी (एसपी) का साथ उन्हें मिल सकता है. कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी आखिरी पल तक इंतजार करेगी और चाहती है कि सुप्रिया सुले खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट करें, क्योंकि संवाद की जिम्मेदारी वही संभालती रही हैं. हालांकि, सूत्रों ने यह भी साफ कर दिया है कि अगर एनसीपी (पवार) आखिरकार इस बिल के पक्ष में वोट देती है, तो कांग्रेस उन्हें ‘इंडिया’ गठबंधन से बाहर मानेगी.
कांग्रेस सूत्रों ने 27 नवंबर को बताया कि एनसीपी (पवार) के एक नेता के जरिए उन्हें यह संदेश मिला है कि पार्टी के ज्यादातर सांसद पहले से ही सरकार के संपर्क में हैं और इस बिल का समर्थन करने के पक्ष में हैं. ऐसे में पार्टी को टूटने से बचाने के लिए उनके पास सरकार का समर्थन करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है. इस सियासी हलचल के बावजूद कांग्रेस खेमे को अब भी उम्मीद है कि सुप्रिया सुले स्थिति साफ करेंगी और एनसीपी (पवार) का कोई न कोई प्रतिनिधि 28 नवंबर को होने वाली विपक्ष की बैठक में जरूर शामिल होगा, क्योंकि इस बात का आश्वासन दिया गया है.
एनसीपी (एसपी) ने जारी किया व्हिप
दूसरी ओर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने 27 नवंबर को अपने लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी किया और उन्हें 30 नवंबर से संसद के आगामी विशेष सत्र के दौरान सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया. पार्टी के मुख्य सचेतक अमोल कोल्हे की ओर से जारी व्हिप में कहा गया है, “लोकसभा में 30 नवंबर से चार दिसंबर तक अत्यंत महत्वपूर्ण कामकाज होने वाला है इसलिए एनसीपी (एसपी) के सभी लोकसभा सदस्यों से अनुरोध है कि वे बिना किसी चूक के सदन में उपस्थित रहें और पार्टी के रुख का समर्थन करें.”
सुप्रिया सुले ने क्या कहा?
एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने कहा है कि उनकी पार्टी इस प्रस्ताव पर विचार कर सकती है, बशर्ते सभी राज्यों में लोकसभा सीट की संख्या समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाई जाए. पार्टी के लोकसभा में आठ सांसद हैं. सुले ने यह भी कहा है कि विधेयक पेश किए जाने के बाद उनकी पार्टी इस मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों के साथ चर्चा करेगी.
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से बुलाया गया है, जिसमें महत्वपूर्ण विधायी कामकाज किया जाएगा. ऐसे संकेत हैं कि सरकार महिला आरक्षण लागू करने को परिसीमन से जोड़ने वाले संविधान संशोधन विधेयक को फिर से पेश कर सकती है. लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को फिर से बुलाई गई है.
यह घटनाक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 26 नवंबर को दिए गए उस बयान के बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि महिलाओं को न्याय मिलने से कोई ताकत नहीं रोक सकती. साथ ही, उन्होंने अप्रैल में संसद में परिसीमन से जुड़े संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के पारित नहीं होने के लिए ‘विपक्ष के एक दल’ को जिम्मेदार ठहराया था. इस विधेयक में विधायिकाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान था.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

