India
oi-Bhavna Pandey
जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने वेलेंटाइन डे पर अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीज को एयरबस एच-सीरीज का एक लग्जरी हेलीकॉप्टर भेंट करने का दावा किया है। उन्होंने 14 फरवरी, 2026 की तारीख वाले एक प्रेम पत्र के ज़रिए अपना गहरा प्यार, पछतावा और अटूट समर्पण व्यक्त किया।
‘माय बेबी बोम्मा जैकलिन’ संबोधन से शुरू यह पत्र ‘टू, जैकलीन फर्नांडीज’ को संबोधित है, जिस पर ‘फ्रॉम, सुकेश चंद्रशेखर’ के हस्ताक्षर हैं। इसमें सुकेश ने लिखा कि वह ‘इन ठंडी दीवारों और लोहे की सलाखों’ के कारण दूर हैं, और उन्हें ‘रेगिस्तान में खोया हुआ आदमी’ की तरह याद करते हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘हर धड़कन आज हमारे बीच की दूरी का एहसास कराती है। कुछ भी हमारे प्यार को तोड़ नहीं सकता।’

चंद्रशेखर ने जैकलिन को अपनी वजह से मिली ‘कानूनी परेशानियों, शर्मिंदगी और तनाव’ के लिए माफी मांगी। उन्होंने इस पर गहरा पछतावा व्यक्त करते हुए जल्द सब कुछ ठीक कर ‘शांति बहाल’ करने का वादा किया है। पत्र में सुकेश का अधिकारपूर्ण लहजा भी दिखा, जहां उन्होंने लिखा, ‘तुम मेरी हो और हमेशा मेरी ही रहोगी।’
उन्होंने अपने रिश्ते की तुलना रोमियो-जूलियट, हीर-रांझा, लैला-मजनूं और एंथनी-क्लियोपेट्रा जैसी महान प्रेम कहानियों से की। पत्र का अंत ‘आई लव यू क्रेजी माय बोत्ता बोम्मा, हैप्पी वैलेंटाइन डे’ के साथ हुआ।

सुकेश ने दावा किया कि ‘एयरबस-एच सीरीज हेलिकॉप्टर’ बेहद लग्जरी और कस्टमाइज्ड है, जिसके अंदर-बाहर जैकलिन के नाम के अक्षर ‘JF’ उकेरे गए हैं। उन्होंने बताया कि यह हेलिकॉप्टर उनके ‘जेट और यॉट’ से भी मेल खाता है, जिससे जैकलिन फिल्म शूट या मुंबई के ट्रैफिक से ऊपर उड़ान भर सकेंगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हेलिकॉप्टर उनकी ‘कड़ी मेहनत की कमाई’ से खरीदा गया है, न कि किसी कथित अपराध से। हालांकि, इस पत्र या कथित तोहफे पर जैकलिन फर्नांडीज की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। सुकेश पहले भी जेल से जैकलिन को ऐसे कई पत्र भेज चुके हैं, जिनमें वे खुद को निर्दोष बताते रहे हैं।

